'पाकिस्तानी और रिफ्यूजी ना कहें तो क्या कहें?' हवा सिंह सांगवान के इस वीडियो बयान से हरियाणा में मचा हड़कंप

हिसार में यूट्यूबर विपिन खुराना को 'पाकिस्तानी और रिफ्यूजी' कहने वाले आरोपी सुनील की गिरफ्तारी के बाद विवाद बढ़ गया है. पूर्व जाट नेता हवा सिंह सांगवान ने आरोपी का समर्थन करते हुए पंजाबी समाज पर बेहद अपमानजनक और विवादित टिप्पणी की है. इसके विरोध में अब पंजाबी समुदाय सख्त कानून की मांग को लेकर एकजुट हो रहा है.

hissar
hissar

राहुल यादव

follow google news

हरियाणा के हिसार में एक यूट्यूबर को फोन पर कथित रूप से 'पाकिस्तानी' और 'रिफ्यूजी' कहकर अपमानित करने और धमकी देने का मामला गरमा गया है. इस मामले में आरोपी सुनील की गिरफ्तारी के बाद अब जाट आरक्षण संघर्ष समिति के पूर्व प्रधान हवा सिंह सांगवान की एंट्री हो गई है. हवा सिंह सांगवान ने आरोपी का खुला समर्थन करते हुए पंजाबी समुदाय पर बेहद विवादित और तीखी टिप्पणी की है, जिससे पूरे समाज में भारी आक्रोश है और पंजाबी समुदाय ने अब इसके खिलाफ लामबंदी शुरू कर दी है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

हिसार शहर में BBN ब्रेकिंग न्यूज नाम से यूट्यूब चैनल चलाने वाले स्थानीय पत्रकार व यूट्यूबर विपिन खुराना को 2 जून की सुबह एक अज्ञात नंबर से फोन आया था. आरोप है कि फोन करने वाले शख्स ने विपिन के किसी कंटेंट से नाराज होकर उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जान से मारने की धमकी दी और उन्हें व उनके समाज को 'पाकिस्तानी' और 'रिफ्यूजी' कहा. विपिन खुराना ने इस पूरी बातचीत का ऑडियो अपने चैनल पर वायरल कर दिया और हिसार पुलिस अधीक्षक (SP) से मामले की लिखित शिकायत की.

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील को गिरफ्तार कर लिया, जो हिसार के ही गांव सुंडावास का रहने वाला एक किसान है. अदालत ने आरोपी सुनील को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस ने इस मामले में धारा 196(2), 296, 351(3) और 356(2) के तहत केस दर्ज किया है.

हवा सिंह सांगवान की एंट्री से मचा बवाल

मामला तब और ज्यादा बढ़ गया जब जाट आरक्षण संघर्ष समिति के पूर्व प्रधान और सिख धर्म अपना चुके पूर्व कमांडेंट हवा सिंह सांगवान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर आरोपी सुनील का खुलकर पक्ष ले लिया. सांगवान ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कहा, "अगर तुम्हें रिफ्यूजी और पाकिस्तानी ना कहें तो और क्या कहें? क्या तुम पाकिस्तान से नहीं आए हो? संविधान की धारा 6 पढ़ लो, तुम पाकिस्तानी मूल के ही हो."

यही नहीं, सांगवान ने पंजाबी समुदाय पर बेहद अपमानजनक टिप्पणी करते हुए कहा कि, "हमारे बुजुर्गों ने 1947 में मुसलमानों को भगाकर बड़ी गलती की, अगर वो नहीं जाते तो तुम लोग यहां नहीं आते. ये लोग वहां से भूखे-नंगे आए थे और हमारे यहां आकर इन्होंने दूध-घी खाना सीखा है." सांगवान ने खुद के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराने और जेल भेजने की खुली चुनौती दी है.

कानून बनाने की मांग को लेकर पंजाबी समाज एकजुट

हवा सिंह सांगवान के इस विवादित बयान के बाद पंजाबी खत्री समुदाय में बेहद नाराजगी है. यूट्यूबर विपिन खुराना और समाज के अन्य नेताओं ने इसके खिलाफ एक बड़ी मुहिम छेड़ दी है. विपिन खुराना का कहना है कि किसी को भी सरेआम 'रिफ्यूजी' या 'पाकिस्तानी' कहकर अपमानित करने की इजाजत नहीं दी जा सकती.

पंजाबी समाज को अपमान से बचाने और सुरक्षा देने के लिए अब एक सख्त सेफगार्ड कानून बनाने की मांग उठ रही है. इस संबंध में रणनीति तैयार करने के लिए हिसार के राजगुरु मार्केट स्थित पंजाबी धर्मशाला में समाज की एक बड़ी महापंचायत बुलाई गई है, जहां हवा सिंह सांगवान के बयान का पुरजोर विरोध किया जा रहा है.

    follow google news