हिसार की सोनिया ने सोचा नहीं था कि गुस्से में उनका पति इस तरह की सजा दे देगा! दहल उठा पूरा इलाका

हिसार के सेक्टर-13 में एक प्राइवेट स्कूल की टीचर सोनिया की उसके पति सौरभ ने हत्या कर दी. विवाद के दौरान आरोपी ने प्रेस से हमला किया और फिर गला घोंट दिया. परिजनों ने दहेज और संपत्ति विवाद का आरोप लगाया है. पुलिस आरोपी पति की तलाश में छापेमारी कर रही है.

hissar
hissar

प्रवीण कुमार

follow google news

हरियाणा के हिसार जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां के पॉश इलाके सेक्टर-13 में एक प्राइवेट स्कूल की टीचर की उसके ही पति ने बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है.

Read more!

झगड़े के बाद प्रेस से किया हमला

मृतका की पहचान संत नगर निवासी सोनिया के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, करीब 8 साल पहले सोनिया की शादी सेक्टर-13 के रहने वाले सौरभ से हुई थी, जो टूर एंड ट्रैवल का काम करता है. बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी. विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर सौरभ ने सोनिया की छाती पर कपड़े प्रेस करने वाली गर्म इस्त्री (प्रेस) से जोरदार हमला कर दिया. आरोप है कि इसके बाद उसने गला दबाकर सोनिया की जान ले ली.

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने घटनास्थल से वह प्रेस भी बरामद कर ली है, जिससे सोनिया पर वार किया गया था. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें. पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भेज दिया है.

परिजनों ने लगाया दहेज और प्रताड़ना का आरोप

सोनिया की मौत के बाद उसके मायके पक्ष में कोहराम मचा है. सोनिया के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. मृतका की बहन शालू ने बताया कि सोनिया को शादी के कुछ समय बाद से ही परेशान किया जा रहा था.

उन्होंने दावा किया कि कुछ महीने पहले भी सोनिया का गला दबाने की कोशिश हुई थी, जिसे लेकर पंचायत भी बैठी थी. आरोप है कि संपत्ति विवाद और दहेज की मांग के चलते सोनिया को अक्सर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था.

आरोपी पति की तलाश जारी

हिसार पुलिस के मुताबिक, मृतका के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं. पुलिस अधिकारी किशोर लाल ने बताया कि मृतका के भाई के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की टीमें फरार आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.

    follow google news