हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (HPSC) की भर्तियों में हरियाणा के स्थानीय युवाओं की अनदेखी को लेकर इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) के नेता अभय सिंह चौटाला ने सरकार और आयोग पर बड़े आरोप लगाए हैं. पंचकूला में हुए एक विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा के होनहार युवाओं को इंटरव्यू में कम नंबर देकर बाहर कर दिया जाता है और बाहरी राज्यों के चहेतों को नौकरियां दी जा रही हैं.
ADVERTISEMENT
अभय चौटाला ने लगाए कई आरोप
अभय सिंह चौटाला ने एक चौंकाने वाला उदाहरण देते हुए कहा, "हाल ही में असिस्टेंट प्रोफेसर (पंजाबी) की 10 पोस्ट निकाली गई थीं. इनमें से 9 पदों पर बाहरी राज्यों के युवाओं को रख लिया गया और हरियाणा के हिस्से सिर्फ 1 पद आया."
उन्होंने बताया कि उनके पास कई ऐसे स्थानीय युवाओं ने सिफारिश के लिए अप्रोच किया था जो पंजाबी विषय में पीएचडी (PhD) थे और जिन्होंने इस विषय पर बड़ा शोध किया हुआ था. इसके बावजूद, आयोग ने पीएचडी धारक स्थानीय युवाओं को दरकिनार कर सिर्फ नेट (NET) क्वालिफाइड बाहरी लोगों को नौकरी दे दी.
RSS पर साधा निशाना!
चौटाला ने आरोप लगाया कि पहले एडहॉक (तदर्थ) पर अपने पसंदीदा और आरएसएस (RSS) बैकग्राउंड से जुड़े लोगों को रखा जाता है और बाद में उन्हीं के हिसाब से परमानेंट पोस्ट निकालकर उन्हें पक्का कर दिया जाता है.
उन्होंने कहा कि एचपीएससी के चेयरमैन भी बाहरी हैं जो हरियाणवी बच्चों का यह कहकर अपमान करते हैं कि उन्हें इंटरव्यू में ठीक से बोलना नहीं आता. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिला और उनके भविष्य से खिलवाड़ होता रहा, तो मजबूरन युवा अपराध और गैंगस्टर संस्कृति की तरफ कदम बढ़ाएंगे.
ADVERTISEMENT


