थाने में पिटाई का वीडियो वायरल होने पर INLD नेता मंजीत कनेली का फूटा गुस्सा, बोले- 'दिखानी है तो पूरी वीडियो दिखाओ...'

इनेलो नेता मंजीत कनेली ने थाने में मारपीट के वायरल वीडियो को 8-9 महीने पुराना बताया है. उन्होंने कहा कि मंदिर विवाद सुलझाने के दौरान की इस वीडियो को एक यूट्यूबर ने निजी स्वार्थ और लालच में तोड़-मरोड़ कर वायरल किया है. पार्टी इस साजिश के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराएगी.

manjeet kanheli
manjeet kanheli

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Manjeet Kanheli: इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष और सचिव मंजीत कनेली का सोशल मीडिया पर एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में मंजीत कनेली रोहतक के शिवाजी कॉलोनी पुलिस थाने में नजर आ रहे हैं, जहां कुछ लोगों के साथ उनकी तीखी बहस होती है और देखते ही देखते वहां मौजूद लोग उनके साथ हाथापाई और पिटाई करते दिखाई देते हैं. हाल ही में रोहतक में इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला की पुलिस के साथ हुई तीखी बहस के ठीक बाद इस वीडियो के सामने आने से सियासी गलियारों में हलचल मच गई है.

Read more!

अब इस पूरे विवाद और वायरल वीडियो पर खुद इनेलो नेता मंजीत कनेली और पार्टी प्रवक्ता का बड़ा बयान सामने आया है. मंजीत कनेली ने इस वीडियो को उनके खिलाफ एक सोची-समझी साजिश बताया है.

'8-9 महीने पुराना है मामला, बैठकर सुलझ गया था विवाद'

वायरल वीडियो की सच्चाई बताते हुए मंजीत कनेली ने कहा, "यह वीडियो बिल्कुल हाल-फिलहाल का नहीं है, बल्कि करीब 8 से 9 महीने पुराना है. मैं सुनरिया गांव के एक मंदिर से जुड़े सामाजिक विवाद को लेकर पंचायत के साथ शिवाजी कॉलोनी थाने गया हुआ था. वहां बातचीत के दौरान थोड़ी गरमा-गरमी जरूर हुई थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों और पुलिस प्रशासन के बीच बैठकर मामला पूरी तरह सुलझ गया था. इस मामले में न तो हमारी तरफ से और न ही पुलिस की तरफ से कोई एफआईआर (FIR) दर्ज की गई थी."

यूट्यूबर पर लगाया ब्लैकमेलिंग और लालच का आरोप

मंजीत कनेली ने एक स्थानीय पत्रकार/यूट्यूबर मोहित गोयत पर वीडियो वायरल करने का सीधा आरोप लगाया है. इनेलो नेता ने दावा किया कि उक्त यूट्यूबर ने अपने निजी स्वार्थ और लालच के चलते इस वीडियो को सोशल मीडिया पर डाला है.

कनेली ने कहा, "वह पहले भी हमसे अपनी जरूरतें पूरी करवाता रहता था, कभी फोन तो कभी लैपटॉप मांगता था. अब उसका लालच बढ़ गया और जब वह पूरा नहीं हुआ, तो उसने हमें और पार्टी को बदनाम करने के लिए यह पुरानी वीडियो पोस्ट कर दी."

'वीडियो को तोड़-मरोड़ कर दिखाया, करेंगे कोर्ट केस'

इनेलो नेता और पार्टी के प्रवक्ता ने साफ किया कि इस वीडियो को जानबूझकर 'एडिट' और 'तोड़-मरोड़' कर पेश किया गया है ताकि मंजीत कनेली की बढ़ती लोकप्रियता और इनेलो पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके.

उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, "अगर वीडियो दिखानी ही थी, तो पूरी दिखाते. पीक एंड चूज करके सिर्फ बदनामी के मकसद से इसे फैलाया जा रहा है." पार्टी ने एलान किया है कि इस वीडियो को बिना उनका पक्ष जाने वायरल करने वाले यूट्यूबर और अन्य लोगों के खिलाफ वे कानूनी कदम उठाएंगे और अदालत में मानहानि (Defamation) का क्रिमिनल केस दर्ज कराएंगे.

    follow google news