ऑनलाइन फ्रॉड और लव बॉम्बिंग (Love Bombing) के जरिए साइबर ठगी करने वालों को लगता है कि वे सात समंदर पार बैठे लोगों को अपना शिकार बनाकर आसानी से बच निकलेंगे. लेकिन इटली की एक महिला उद्यमी ने साबित कर दिया कि न्याय पाने के लिए दूरी कोई मायने नहीं रखती. इंस्टाग्राम पर प्यार का नाटक कर 900 यूरो (लगभग 97,000 रुपये) की ठगी करने वाले गुरुग्राम के एक शख्स को पकड़वाने के लिए यह महिला खुद इटली से भारत पहुंची. महिला की शिकायत के बाद गुरुग्राम साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
इंस्टाग्राम पर दोस्ती से 'लव बॉम्बिंग' तक
इटली में ज्वेलरी डिजाइनिंग और बिजनेस करने वाली डेनियला डी पिएत्री (Daniela De Pietri) की मुलाकात मार्च 2026 में इंस्टाग्राम पर अखिल मौर्य (36 वर्ष) नाम के शख्स से हुई थी. अखिल ने खुद को AI कंटेंट/फिल्म क्रिएटर और साइबर सुरक्षा एक्सपर्ट बताया था. उसने डेनियला के ज्वेलरी बिजनेस के लिए मुफ्त में AI वीडियो बनाने की पेशकश की. बातचीत बढ़ते ही अखिल ने डेनियला को अपनी बातों के जाल में फंसाया, जिसे साइबर अपराध की भाषा में 'लव बॉम्बिंग' कहा जाता है.
अखिल ने डेनियला से शादी करने का वादा किया और धीरे-धीरे उसका भावनात्मक भरोसा जीत लिया. इसके बाद उसने नौकरी छूटने और आर्थिक तंगी का बहाना बनाकर पैसे मांगना शुरू कर दिया. डेनियला ने अगस्त और सितंबर में वेस्टर्न यूनियन के जरिए कुल 900 यूरो भेजे. जब अखिल की मांगें बढ़ती गईं और डेनियला ने और पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने बातचीत बंद कर दी और वीडियो बनाना भी छोड़ दिया.
97 हजार की ठगी पर खर्च किए 2 लाख
जब डेनियला को अहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है, तो उसने पहले इटली पुलिस से संपर्क किया. वहां जटिल अंतरराष्ट्रीय प्रक्रिया की बात सामने आने पर उसने हार नहीं मानी और सीधे गुरुग्राम साइबर पुलिस के अधिकारियों (ACP गौरव फोगाट) से संपर्क साधा. आरोपी को सजा दिलाने के संकल्प के साथ डेनियला ने अपनी फ्लाइट, वीजा और होटल पर करीब 2 लाख रुपये खर्च किए—जो ठगी गई रकम से दोगुने से भी अधिक थे.
डेनिएला का कहना था कि बात पैसों की नहीं, बल्कि टूटे हुए भरोसे और मान-सम्मान की है. 28 सितंबर को गुरुग्राम पहुंचने के बाद उसने साइबर थाना (पश्चिम) में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. गुरुग्राम पुलिस की टीम (थाना प्रभारी सोमवीर और उप-निरीक्षक नीरज) ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से 48 घंटे के भीतर आरोपी अखिल मौर्य को गुरुग्राम के सेक्टर-17 (सुखराली) से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है.
ADVERTISEMENT


