हरियाणा के झज्जर जिले के डीगल गांव में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है. गांव के बीचों-बीच स्थित एक सार्वजनिक स्थान पर ताश खेल रहे साहिल उर्फ सोनू नाम के युवक की बदमाशों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी. हमलावर काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए थे और देखते ही देखते उन्होंने साहिल पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अपनी तेज रफ्तार गाड़ी के साथ मौके से फरार होने में कामयाब रहे.
ADVERTISEMENT
ताश खेल रहे युवक को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, मृतक साहिल पेशे से फाइनेंसर था और कुकू पहलवान का बेटा बताया जा रहा है. वह लंबे समय से अपने गांव में ही रह रहा था. घटना के वक्त वह अपने साथियों के साथ ताश खेल रहा था, तभी अचानक एक काली स्कॉर्पियो वहां रुकी और उसमें से तीन युवक नीचे उतरे. बदमाशों ने साहिल पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. मिली जानकारी के मुताबिक साहिल को 14 गोलियां मारी गई थी. गंभीर घायल अवस्था में साहिल को तुरंत रोहतक के कैनोज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना का सीसीटीवी भी आया सामने
इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि एक काली स्कॉर्पियो एक घर के बाहर आकर रुकती है. गाड़ी से 2-3 बदमाश बाहर निकलते हैं और फिर सभी एक घर में घूसते है और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर देते है.
मौके पर मिले जिंदा कारतूस, जांच में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को घटना स्थल से दो जिंदा कारतूस भी मिले हैं, जो हमले की गंभीरता को बयां कर रहे हैं. डीसीपी क्राइम शुभम शर्मा और डीसीपी धारणा यादव ने मौके का मुआयना किया और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस का कहना है कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए सीआईए (CIA) और स्थानीय पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके.
पुरानी रंजिश या व्यापारिक विवाद?
पुलिस अब इस हत्याकांड के पीछे के कारणों की तलाश में जुटी है. प्राथमिक तौर पर इसे पुरानी रंजिश या फाइनेंसर के काम से जुड़े किसी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे हर एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. गांव में दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है.
ADVERTISEMENT


