हरियाणा के जींद में फौजी की सनक से दहशत, ससुराल में मारपीट और फायरिंग के बाद पुलिस ने दबोचा

सुनील कुमार

• 07:06 PM • 29 Oct 2026

Jind Fauji Firing Case: हरियाणा के जींद जिले में सेना के एक जवान द्वारा ससुराल में जमकर तांडव मचाने का मामला सामने आया है. आरोपी फौजी साहिल ने बच्चा छीनने के दौरान विरोध करने पर अपनी सास की बेरहमी से पिटाई की और कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

जींद में ससुराल पहुंचकर फौजी ने मचाया तांडव
जींद में ससुराल पहुंचकर फौजी ने मचाया तांडव
Google CTA

Jind Fauji Firing Case: हरियाणा के जींद जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां सेना में कार्यरत एक फौजी दामाद ने अपनी ससुराल में पहुंचकर जमकर तांडव मचाया. आरोपी फौजी ने न केवल अपनी सास के साथ मारपीट कर उनका हाथ तोड़ दिया, बल्कि ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर इलाके में भारी दहशत फैला दी. इस पूरी घटना के बाद से पीड़ित परिवार डरा हुआ है और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Read more!

बच्चा छीनने को लेकर हुआ विवाद और मारपीट

जानकारी के अनुसार, जींद जिले की रहने वाली महिला कैला देवी की पोती नेहा की शादी करीब 4 साल पहले मालसी गांव के रहने वाले सेना के जवान साहिल के साथ हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किए जाने से परेशान होकर नेहा अपने बच्चे के साथ तीन महीने पहले अपने मायके आ गई थी. आरोप है कि 27 अक्टूबर की सुबह साहिल अपनी ससुराल पहुंचा और वहां मौजूद लोगों के साथ गाली-गलौज करने लगा. इसके बाद वह कैला देवी की गोद से जबरन बच्चा छीनने लगा. जब दादी कैला देवी ने इसका विरोध किया, तो साहिल ने उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उनका हाथ टूट गया. उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

कई राउंड फायरिंग कर आरोपी हुआ फरार

मारपीट के दौरान जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी साहिल ने गली में हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. परिवार का आरोप है कि उसने करीब 6 से 7 राउंड फायर किए और खुली चुनौती देते हुए फरार हो गया. हालांकि इस दौरान लोगों ने किसी तरह आरोपी से बच्चा वापस छीन लिया था. पीड़ित पक्ष के मुताबिक साहिल पिछले काफी समय से अपनी ड्यूटी से भी अनुपस्थित चल रहा था और दोनों के बीच तलाक का मामला भी चल रहा है.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, पिस्तौल बरामद

मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया. सदर थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी फौजी साहिल को गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए अपने पिता की लाइसेंसी पिस्तौल का इस्तेमाल किया था. पुलिस ने पिस्तौल भी बरामद कर ली है और मामले की आगे की जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली में मेट्रो स्टेशन के पास मिला जाने-माने पैरा एथलीट नीरज यादव का शव, अस्पताल पहुंचाने वाली लड़की कौन थी ?