Jiwan Kundu Murder Case: हरियाणा के हिसार जिला में 4 अगस्त 2026 को हुए चर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड में पुलिस को 20 दिन बाद बड़ी सफलता मिली है. हिसार पुलिस और STF की टीमों ने इस मामले के मुख्य आरोपी रमेश और उसके दो सहयोगियों को अरेस्ट कर लिया है. इनमें से एक आरोपी की पहचान विशाल आरै दूसरे आराेपी की पहचान सौरभ के रुप में हुई है. पुलिस ने इन तीनों आरोपियों को गुजरात के जूनागढ़ से गिरफ्तार किया. इस मामले में अब तक कुल 12 आरोपियों को पुलिस शिकंजे में ले चुकी है.
ADVERTISEMENT
20 दिन तक ठिकाने बदलकर पुलिस को देता रहा चकमा
हिसार एसपी सिद्धांत जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 अगस्त को हुई इस घटना के बाद से ही पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं. मुख्य आरोपी रमेश और उसके साथी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे. आरोपी अन्य राज्यों में शरण लेकर पुलिस की गिरफ्त से बचने की कोशिश कर रहे थे. हरियाणा पुलिस की 10 से अधिक टीमों ने हिसार और एसटीएफ के साथ मिलकर विभिन्न राज्यों में सघन रेड की. आखिरकार, ह्युमन इंटेलिजेंस और टेक्निकल इंटेलिजेंस की मदद से गुजरात के जूनागढ़ में एक सार्वजनिक स्थान से मुख्य आरोपी रमेश, विशाल और सौरभ को दबोच लिया गया.
राजनीतिक संरक्षण के दावों को बताया अफवाह
मामले में राजनीतिक संरक्षण मिलने के आरोपों पर एसपी ने पूरी तरह से विराम लगाते हुए कहा कि यह सिर्फ अफवाहें हैं और किसी को भी ऐसी अनपुष्ट खबरों पर ध्यान नहीं देना चाहिए. उन्होंने कहा कि मीडिया को भी फैक्ट चेक करके ही जिम्मेदारी के साथ खबरें चलानी चाहिए.
एसपी सिद्धांत जैन के अनुसार, आरोपी रमेश के खिलाफ यह तीसरी FIR दर्ज हुई है. पुलिस अब सभी मुख्य आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य सामान की बरामदगी की जा सके.
जानें क्या है पूरा मामला?
दअसल, हांसी में 4 अगस्त को डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या कर दी गई थी. बताया जा रहा है कि जीवन कुंडू बाइक में ट्रॉली लगाकर गोबर डालने जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में 10 से 12 युवकों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. गंभीर हालत में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
ADVERTISEMENT


