Sheelu Balarah Kabaddi Player Muskan Death Case: अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की 23 वर्षीय पत्नी मुस्कान की संदिग्ध हालात में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. इस बीच अब मुस्कान की प्राइमरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट समाने आई है, जिसमें हैरान करने वाली बात सामने आई हैं. आपको बात दें कि मुस्कान की शादी को महज तीन साल पहले हुई थी. पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उनकी बेटी को परेशान किया जा रहा था. उन्हाेंने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और गंभीर आरोप लगाए हैं.
ADVERTISEMENT
परिजनों ने पति शीलू, देवर और सास-ससुर पर लगाए गंभीर आरोप
मुस्कान के पिता सुखबीर ने शीलू बल्हारा, उसके भाई मनीष, पिता सुरेंद्र और मां निशा के खिलाफ पुलिस में नामजद शिकायत दी है. पिता का दावा है कि मुस्कान के साथ घर में मारपीट की जाती थी और उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शीलू के पिता ने उनकी ससुराल जाकर पहले दो हत्याएं करने का दावा करते हुए धमकी दी थी. बेटी के साथ हुई अंतिम बातचीत का जिक्र करते हुए पिता ने कहा कि फोन अचानक कट गया था और उसके बाद संपर्क नहीं हो पाया.
बहू अकबरपुर और फरमाना गांव के बीच पंचायतों का दौर जारी
इस पूरे घटनाक्रम में पंचायतों की भूमिका सबसे मुख्य बनी हुई है. मुस्कान के मायके फरमाना और शीलू के गांव बहू अकबरपुर की पंचायतों के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है. पंचायत के निर्णय के आधार पर ही मुस्कान का अंतिम संस्कार उसके ससुराल बहू अकबरपुर में किया गया, जहां शीलू ने ही उसे मुखाग्नि दी. पंचायतों की ओर से दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि मुस्कान का परिवार आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़ा हुआ था.
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल और 12 अगस्त तक मिली रियायत
नामजद एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा तुरंत कोई बड़ी गिरफ्तारी न करने पर रोहतक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं. पुलिस ने शनिवार को शीलू, उसके भाई और पिता को हिरासत में लिया था, लेकिन पंचायतों में हुए फैसले के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया. दोनों गांवों के सरपंचों की मौजूदगी में तय हुआ है कि 10 अगस्त को 13वीं की रस्म के बाद 12 अगस्त को दोबारा पंचायत होगी. तब तक पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करेगी.
सामने आई प्राइमरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पुलिस जांच में जुटी
मामले में महम के डीएसपी तनुज शर्मा ने बताया कि प्राइमरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है. रिपोर्ट में खुद से अपनी जीवन लीला समाप्त करने की बात सामने आई है और शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं. हालांकि, इससे पहले सामने आए एक वीडियो में शरीर पर चोट के निशान होने का दावा किया जा रहा था. फिलहाल बहू अकबरपुर पुलिस दहेज प्रताड़ना और साजिश की धाराओं में दर्ज केस के आधार पर आगे की जांच कर रही है और 12 अगस्त की पंचायत के फैसले पर भी सभी की निगाहें टिकी हैं.
ADVERTISEMENT


