सोशल मीडिया पर हमेशा खुशहाल और संपन्न नजर आने वाला इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा का परिवार अचानक एक विवाद के घेरे में आ गया है. शीलू बल्हारा की 23 वर्षीय पत्नी मुस्कान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया.
ADVERTISEMENT
दहेज प्रताड़ना और अवैध संबंध बने वजह
महम के गांव फरमाना निवासी मुस्कान के पिता सुखबीर ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी की शादी दिसंबर 2023 में बहू अकबरपुर निवासी शीलू बल्हारा के साथ हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष कम दहेज लाने को लेकर मुस्कान को ताने देने लगा और प्रताड़ित करने लगा.
मुस्कान के पिता का आरोप है कि शीलू के कई अन्य लड़कियों के साथ अवैध संबंध थे, जिसके कुछ सबूत भी मुस्कान को मिल गए थे. इसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी और शीलू लगातार मुस्कान से तलाक की मांग कर रहा था.
शरीर पर मिले चोट के निशान
घटना की जानकारी मिलने के बाद जब मायके वाले बहू अकबरपुर पहुंचे तो मुस्कान का शव घर में चारपाई पर पड़ा मिला. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मायके पक्ष की महिलाएं मुस्कान के शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करती नजर आ रही हैं. परिजनों का आरोप है कि मुस्कान ने खुदकुशी नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है.
शीलू बल्हारा समेत 4 पर केस दर्ज
शनिवार को पुलिस ने मृतक मुस्कान के पिता की शिकायत के आधार पर कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा और उसके परिवार के तीन अन्य सदस्यों सहित कुल चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या (Dowry Death) का मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT


