'मैं भी हूं कॉकरोच...' Cockroach Janta Party पर कन्हैया मित्तल का बड़ा धमाका, खोल दी पोल!

न्यूज तक डेस्क

24 May 2026 (अपडेटेड: May 24 2026 2:23 PM)

भजन गायक कन्हैया मित्तल ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' को आम आदमी पार्टी का प्रोपोगेंडा और साजिश बताया है. उन्होंने कहा कि CJI के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया. उन्होंने दावा किया कि इस एजेंडे के पीछे 49% पाकिस्तानी फॉलोअर्स हैं. मित्तल ने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि वे सब सिर्फ सनातन के लिए काम करेंगे.

kanhaiya mittal
kanhaiya mittal
Google CTA

जाने-माने भजन गायक कन्हैया मित्तल ने सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी 'कॉकरोच जनता पार्टी' को लेकर तीखा हमला बोला है. कन्हैया मित्तल ने इसे आम आदमी पार्टी का पर्दाफाश और एक बड़ा प्रोपोगेंडा बताया है. उन्होंने कहा कि जो लोग अमेरिका में बैठकर या एसी कमरों में रहकर भारत की बात करते हैं, उन्हें जमीन पर आकर यहां के युवाओं के साथ बात करनी चाहिए. जो लोग हमेशा धर्म और ब्राह्मणवाद के खिलाफ बोलते हैं, उन्हीं लोगों ने यह कॉकरोच जनता पार्टी बनाई है.

Read more!

CJI के बयान को लेकर कही यह बात

कन्हैया मित्तल ने देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) के बयान का हवाला देते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस ने कहा था कि जो लोग बिना डिग्री या बोगस (फर्जी) डिग्री के साथ वकालत करते हैं, वे कॉकरोच की तरह हैं. इस देश में फर्जी डिग्री के साथ काम नहीं होना चाहिए. लेकिन कुछ लोगों ने गहरी साजिश के तहत उस बयान को घुमा-फिराकर एक प्रोपोगेंडा तैयार कर दिया और सारी एजेंसियों को इसमें घसीट लिया. कन्हैया मित्तल ने तंज कसते हुए कहा, "अगर कॉकरोच का मतलब बिना डिग्री के काम करना है, तो मैं भी कॉकरोच हूं. मेरे पास गाने की कोई डिग्री नहीं है, फिर भी भगवान की कृपा से मैं आगे बढ़ा हूं."

फॉलोअर्स को लेकर साधा निशाना, पाकिस्तान का किया जिक्र

सोशल मीडिया फॉलोअर्स के सवाल पर भजन गायक ने कहा कि फॉलोअर्स तो आज के समय में किसी के भी हो सकते हैं. उन्होंने पुनीत सुपरस्टार का उदाहरण देते हुए कहा कि वह कूड़ा खाता है और नाली में गिरता है, फिर भी उसके इनसे ज्यादा फॉलोअर्स हैं. फॉलोअर्स देखकर कभी काम नहीं होता.

उन्होंने दावा किया कि इस पेज की इनसाइट में 49 प्रतिशत से ज्यादा फॉलोअर्स पाकिस्तानी हैं. उन्होंने देश के युवाओं और एजेंसियों से सोशल मीडिया के इस खेल को समझने की अपील की और कहा कि Google AdSense से पैसे कमाने के चक्कर में देश का नुकसान नहीं होना चाहिए.

विपक्ष और चुनाव लड़ने पर दिया बड़ा बयान

कन्हैया मित्तल ने कहा कि देश में अभिव्यक्ति की आजादी है, लेकिन सिर्फ सत्ताधारी पार्टी का विरोध करने के लिए ही एजेंडा नहीं चलना चाहिए. चर्चा इस बात पर भी होनी चाहिए कि राहुल गांधी अयोध्या क्यों नहीं जाते? क्या राम उनके नहीं हैं? विपक्ष को सनातनियों का वोट तो चाहिए, लेकिन वे राम के पास नहीं जाना चाहते. राजनीति में आने के सवाल पर उन्होंने कहा, "हम सबने राम को चुन लिया है, इससे बड़ा कोई चुनाव नहीं है. हम जो भी करेंगे, सिर्फ सनातन के लिए करेंगे."