Haryana News: हरियाणा के करनाल जिले के गोंदर गांव में शनिवार शाम खूनी खेल देखने को मिला. यहां 2019 के एक आपराधिक मामले में जेल से जमानत पर बाहर आए एक युवक की तीन नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में दहशत का माहौल है.
ADVERTISEMENT
सरेआम वारदात को दिया अंजाम
मृतक की पहचान सूरज के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, सूरज अपने घर के पास गली में खड़ा था, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन हमलावर वहां पहुंचे. हमलावरों में से एक ने चेहरा ढका हुआ था, जबकि दो के चेहरे खुले थे. बदमाशों ने सूरज को देखते ही उस पर फायरिंग शुरू कर दी. सूरज को छाती और सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गोलियां लगीं. गोलियों की आवाज सुनकर जब तक लोग मदद के लिए पहुंचे, हमलावर मौके से फरार हो चुके थे.
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
गंभीर रूप से घायल सूरज को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि सूरज दो भाइयों में छोटा था और उसके पिता मजदूरी कर घर का गुजारा करते हैं.
पुलिस जांच और पुरानी रंजिश का शक
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) नरेंद्र बिजारिया भारी पुलिस बल और सीआईए (CIA) की टीमों के साथ मौके पर पहुंचे. शुरुआती जांच में पुलिस इसे पुरानी रंजिश का मामला मानकर चल रही है, क्योंकि सूरज पहले भी 302 (हत्या) के एक मामले में जेल जा चुका था.
एसपी नरेंद्र बिजारिया ने कहा, "यह एक बेहद संवेदनशील हत्या का मामला है. हमारी कई टीमें इस पर काम कर रही हैं. हम जल्द ही दोषियों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजेंगे. पुलिस रंजिश सहित सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है."
ADVERTISEMENT


