पुलिस को देखते ही चलाने लगे गोलियां! करनाल में 2 बदमाशों का एनकाउंटर, जानें क्या है पूरा मामल

करनाल के बजीदा रोड पर सीआईए-2 पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश घायल हो गए. इनके पास से 2 विदेशी हथियार और 100 गोलियां बरामद की गई हैं, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.

हरियाणा न्यूज
हरियाणा न्यूज

न्यूज तक

follow google news

हरियाणा के करनाल में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ (Encounter) हुई. बजीदा रोड पर हुई इस फायरिंग में सीआईए-2 (CIA-2) की टीम ने दो बदमाशों को धर दबोचा है. मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस दौरान बदमाशों की गोली से एक पुलिसकर्मी बाल-बाल बचा. बदमाशों के पास से भारी मात्रा में गोला-बारूद मिलने से सनसनी फैल गई है.

Read more!

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

जानकारी के मुताबिक, करनाल पुलिस की सीआईए-2 शाखा को गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने बजीदा रोड पर घेराबंदी शुरू कर दी. जैसे ही बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस को देखा, उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस पार्टी पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी.

जवाबी कार्रवाई में घायल हुए बदमाश

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे बाइक से गिर पड़े. पुलिस ने तुरंत दोनों को हिरासत में लेकर करनाल के जिला नागरिक अस्पताल पहुँचाया. घटनास्थल पर एफएसएल (FSL) की टीम और भारी पुलिस बल पहुँचा है. पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके को सील कर दिया गया है.

100 गोलियां और विदेशी पिस्तौल बरामद

पुलिस को बदमाशों की तलाशी के दौरान चौंकाने वाली चीजें मिली हैं. इनके पास से दो इंपोर्टेड (विदेशी) हथियार और करीब 100 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. इतनी बड़ी मात्रा में असला मिलना इस बात का संकेत है कि ये किसी बड़े हत्याकांड या गैंगवार की साजिश रच रहे थे.

पुलिस की जांच जारी

करनाल पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि पकड़े गए बदमाश किस गैंग से जुड़े हैं और उनका पिछला आपराधिक रिकॉर्ड क्या है. डीएसपी ने बताया कि फिलहाल आरोपियों का इलाज चल रहा है, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उनकी पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सके.

 

    follow google news