हरियाणा के करनाल जिले के गांव बाल पबाना से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. यहां के रहने वाले 24 वर्षीय युवक गौरव की अमेरिका में एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई. इस घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. गौरव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी मौत से बुजुर्ग मां-बाप के बुढ़ापे का सहारा छिन गया है.
ADVERTISEMENT
कर्ज लेकर भेजा था अमेरिका
गौरव के पिता रामफल गांव में ही मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते हैं. उन्होंने बताया कि करीब दो साल पहले उन्होंने इधर-उधर से भारी कर्ज लेकर और जमीन बेचकर अपने इकलौते बेटे के सुनहरे भविष्य के लिए उसे अमेरिका भेजा था. पिता ने रोते हुए कहा, "सब बर्बाद हो गया, मेरे पास अब कुछ नहीं बचा. मैंने बड़ी मेहनत से कर्जा लेकर उसे बाहर भेजा था."
हाल ही में शुरू किया था ट्राला चलाना
परिजनों के मुताबिक, गौरव पहले अमेरिका में एक स्टोर पर काम करता था. इसके बाद उसने वहां सिक्योरिटी का लाइसेंस बनवाया और सिक्योरिटी की नौकरी करने लगा. हाल ही में उसने ट्राला चलाने का काम शुरू किया था. पिता ने बताया कि हादसे से एक दिन पहले ही वह ट्राले पर चढ़ा था. मंगलवार सुबह हमेशा की तरह गौरव ने फोन कर घर का हालचाल जाना था. उसने पिता से कहा था कि वह चाय पी रहा है और थोड़ी देर में काम पर निकलेगा, लेकिन शाम को अमेरिकी पुलिस का फोन आया और इस दर्दनाक हादसे की खबर मिली. बताया जा रहा है कि लोड ट्राला पलटने की वजह से यह हादसा हुआ.
सरकार से शव वापस लाने की गुहार
इकलौते बेटे को खो चुके पीड़ित माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गरीब पिता ने भारत सरकार से हाथ जोड़कर भावुक अपील की है कि उनके बेटे के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द वतन वापस लाया जाए, ताकि वे आखिरी बार अपने बेटे का चेहरा देख सकें.
ADVERTISEMENT


