जम्मू-कश्मीर नंबर की एक स्लीपर बस पर हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पास पथराव का मामला सामने आया है. दिल्ली से श्रीनगर जा रही इस बस पर ईंट-पत्थर फेंके गए. घटना में एक बुजुर्ग यात्री घायल हो गया. बस को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है.
ADVERTISEMENT
इस घटना पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नाराजगी जताई है. उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा पुलिस से आरोपियों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.
उमर अब्दुल्ला ने जताई नाराजगी
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि दिल्ली से श्रीनगर जा रही कश्मीर की एक बस पर कुरुक्षेत्र के पास पत्थर और ईंटें फेंकी गईं. इस हमले में एक बुजुर्ग व्यक्ति घायल हुआ है.
उमर अब्दुल्ला ने उम्मीद जताई कि हरियाणा सरकार और पुलिस इस मामले में तुरंत कार्रवाई करेंगी. उन्होंने आरोपियों को पकड़ने और ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार प्रभावित यात्रियों के साथ खड़ी है. उनकी सरकार पूरे मामले पर बारीकी से नजर रख रही है.
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने बताया नफरत से प्रेरित अपराध
नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रवक्ता इमरान नबी डार ने भी घटना की कड़ी निंदा की है. उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए इसे नफरत से प्रेरित अपराध यानी हेट क्राइम जैसा बताया. डार के मुताबिक, हमले में एक बुजुर्ग कश्मीरी व्यक्ति घायल हुआ है. घटना के बाद उनका परिवार डरा हुआ है. उन्होंने इसे बेगुनाह लोगों पर जानलेवा हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
सोशल मीडिया पर सामने आया बस का वीडियो
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया गया है. इसमें 'स्टार वर्ल्ड वेंचर्स' की लग्जरी स्लीपर बस को नुकसान पहुंचा हुआ दिखाई दे रहा है.
वीडियो शेयर करने वाले यूजर ने दावा किया कि पथराव में बस की कई खिड़कियां टूट गईं. बस की टेल लाइट को भी नुकसान पहुंचा और उसकी लाइसेंस प्लेट मुड़ गई.
घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. वहीं, नेशनल कॉन्फ्रेंस ने भी इस मामले में सख्त कदम उठाने की अपील की है.
ADVERTISEMENT


