धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के प्रेमनगर इलाके से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक रेलवे कर्मचारी ने अपनी पत्नी और 3 साल की मासूम बेटी के साथ कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. हृदयविदारक बात यह है कि जिस दिन मासूम बच्ची का जन्मदिन था, उसी दिन घर में खुशियों की जगह मातम पसर गया.
ADVERTISEMENT
व्हाट्सएप पर शेड्यूल किया था आखिरी मैसेज
मृतक जतिंदर कुमार ने अपनी जीवनलीला समाप्त करने से पहले अपने जीजा को एक टेक्स्ट मैसेज भेजा था. जतिंदर ने इस मैसेज को सुबह 5:30 बजे के लिए 'शेड्यूल' किया था. मैसेज में लिखा था- "हम आज रात जान दे रहे हैं... प्लीज घर जाकर मम्मी को संभालो, चाबी वॉश बेसिन में पड़ी है." जब सुबह जतिंदर के परिवार को यह मैसेज मिला, तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था.
बेटी की बीमारी बनी सुसाइड की वजह?
जतिंदर रेलवे मेल सर्विस (RMS) में एक अच्छी पोस्ट पर तैनात थे. पड़ोसियों और स्थानीय पार्षद के अनुसार, जतिंदर की 3 साल की बेटी पिछले काफी समय से किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित थी. जतिंदर अपनी बेटी से बेहद लगाव करते थे और उसका इलाज भी करवा रहे थे, लेकिन बेटी की तकलीफ देख वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहते थे. माना जा रहा है कि इसी दुख के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया.
3 दिन पहले ही ट्रिप से लौटा था परिवार
पड़ोसियों ने बताया कि परिवार काफी मिलनसार और खुशमिजाज था. हाल ही में जतिंदर ने एक नई 'थार' गाड़ी खरीदी थी और पूरा परिवार करीब एक हफ्ते की राजस्थान ट्रिप पर गया था. तीन दिन पहले ही वे वापस लौटे थे. किसी को अंदाजा भी नहीं था कि राजस्थान से खुशियां लेकर लौटा यह परिवार अपनी जिंदगी का इतना बड़ा और खौफनाक फैसला ले चुका है.
पुलिस जांच और पारिवारिक स्थिति
मृतक जतिंदर के पिता महेंद्र सिंह पंजाब पुलिस में एएसआई पद से रिटायर्ड थे, जिनका करीब 6 महीने पहले निधन हो गया था. जतिंदर का एक भाई कनाडा में रहता है. सूचना मिलते ही सुभाष मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT


