लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर और पुलिस के बीच मुठभेड़, बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जवान की जान, एनकाउंटर में बदमाश घायल

• 10:23 AM • 22 Nov 2026

हिसार में हरियाणा पुलिस की सीआईए (CIA) टीम और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के वांटेड शूटर प्रदीप के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें बदमाश की गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी.

NewsTak
Google CTA

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक कुख्यात शूटर और हरियाणा पुलिस की सीआईए (CIA) टीम के बीच हिसार में जबरदस्त मुठभेड़ हुई. बदमाश ने पुलिस टीम पर सीधा फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर जा लगी. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया. पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया है और उसके कब्जे से अवैध हथियार बरामद किए हैं.

Read more!

5 करोड़ की रंगदारी और दहशतगर्दी

पकड़े गए बदमाश की पहचान प्रदीप के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, इस बदमाश और इसके साथियों ने मिलकर रोहतक में एक स्कूल संचालक और करनाल में एक सरपंच से 5-5 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांगी थी. रंगदारी की रकम न मिलने पर इन बदमाशों ने गांव के एंट्री बोर्ड और स्कूल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी थी. आरोपी प्रदीप के खिलाफ रोहतक, करनाल और हिसार के विभिन्न थानों में रंगदारी, जानलेवा हमला (धारा 307) और धोखाधड़ी के कई संगीन मामले दर्ज हैं.

ऐसे हुआ एनकाउंटर

शनिवार, 21 नवंबर को सीआईए हिसार की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि वांटेड बदमाश प्रदीप जावरा रोड के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेरेबंदी कर ली. खुद को घिरता देख बदमाश प्रदीप ने पुलिस दल पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. एक गोली सीआईए टीम के एसआई की बुलेटप्रूफ जैकेट पर आकर लगी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई.

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जो बदमाश प्रदीप के पैर में जा लगी. गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया.

हथियार और आगे की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी के पास से 32 बोर की एक अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किया है. घायल बदमाश को इलाज के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह हिसार में किस बड़ी वारदात को अंजाम देने आया था और इस सिंडिकेट में उसके साथ कौन-कौन और शामिल है.

ये भी पढ़ें: गोकुल सेतिया की पोल-खोल! डबवाली रोड पर हाथ लगाते ही उखड़ने लगी नई सड़क, सीएम नायब सैनी से एक्शन की मांग