मनीषा हत्याकांड: 10 महीने बाद भी CBI खाली हाथ, न्याय के लिए आज हरियाणा में महापंचायत; क्या फिर शुरू होगा बड़ा आंदोलन?

भिवानी की शिक्षिका मनीषा की मौत के 10 महीने बाद भी सीबीआई जांच बेनतीजा रहने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है. न्याय की मांग को लेकर आज, 7 जून को ढाणी लक्ष्मण गांव में महापंचायत बुलाई गई है. इसमें हरियाणा की खापें और संगठन आंदोलन का बड़ा फैसला ले सकते हैं.

NewsTak

सोनिया सत्यानीता

follow google news

हरियाणा के भिवानी जिले के ढाणी लक्ष्मण गांव की रहने वाली शिक्षिका मनीषा की मौत का मामला एक बार फिर गरमा गया है. करीब 10 महीने बीत जाने के बाद भी केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) इस गुत्थी को सुलझाने में नाकाम रही है, जिससे परिजनों और स्थानीय समाज में भारी रोष है. न्याय की मांग को लेकर आज, 7 जून को मनीषा के पैतृक गांव ढाणी लक्ष्मण में एक विशाल महापंचायत बुलाई गई है.

Read more!

परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार

मनीषा के पिता संजय कुमार ने एक भावुक वीडियो जारी कर हरियाणा की तमाम खापों, किसान संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से इस महापंचायत में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी को गए हुए लंबा समय बीत चुका है, लेकिन आज भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं. परिवार का आरोप है कि सीबीआई की टीम बार-बार पूछताछ के लिए तो आती है, लेकिन जांच में क्या प्रगति हुई, इस पर चुप्पी साधे हुए है.

CBI से उठा भरोसा, 9 जून को कोर्ट में जवाबदेही

बैरागी समाज और परिजनों का कहना है कि 6 महीने की जांच के बाद भी सीबीआई किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है. इस बीच, पंचकूला की विशेष सीबीआई कोर्ट ने मामले का संज्ञान लेते हुए एजेंसी से स्टेटस रिपोर्ट मांगी है. सीबीआई को 9 जून तक अपनी रिपोर्ट अदालत में पेश करनी है.

क्या था मामला? 

बता दें कि 11 अगस्त 2025 को मनीषा अपने घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन शाम को उसकी लाश पास के ही सिंघानी गांव के खेतों में बरामद हुई. शुरुआत में स्थानीय पुलिस और अब सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है, लेकिन हत्या की वजह और कातिलों का अब तक सुराग नहीं लग पाया है. आज होने वाली महापंचायत में खापें कोई बड़ा फैसला ले सकती हैं, जिससे प्रदेश में एक बार फिर आंदोलन की सुगबुगाहट तेज हो गई है.

    follow google news