मशहूर हरियाणवी गायक और कलाकार मासूम शर्मा (Masoom Sharma) इन दिनों अपनी आगामी फिल्म और पिछले कुछ विवादों को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान देहरादून में उन पर हुए हमले की कोशिश और महिला आयोग से मिले समन पर खुलकर अपनी बात रखी.
ADVERTISEMENT
फिल्म 'लाइसेंस' के साथ धमाके को तैयार
मासूम शर्मा की नई फिल्म 'लाइसेंस' (License) 24 अप्रैल को रिलीज होने जा रही है. उन्होंने बताया कि इस फिल्म का संगीत 'Sony Music India' पर रिलीज हुआ है. फिल्म की खासियत यह है कि इसकी 90% टीम प्रोफेशनल और तकनीकी रूप से प्रशिक्षित है. मासूम ने कहा, "हमने 500 करोड़ की फिल्म नहीं बनाई, बल्कि एक अच्छा सिनेमा देने की कोशिश की है जो समाज की कहानी कहता है. इसमें एक्शन, रोमांस और आइटम सॉन्ग का पूरा मसाला है." यह फिल्म लगभग 500 स्क्रीन्स पर रिलीज होगी.
देहरादून विवाद और महिला आयोग का समन
पिछले दिनों देहरादून में हुई एक घटना के बाद मासूम शर्मा को महिला आयोग ने समन जारी किया था. इस पर मासूम ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपना जवाब (Reply) फाइल कर दिया है और अब कानूनी प्रक्रिया का पालन कर रहे हैं.
गैंगस्टरों की धमकी पर पहली बार बोले मासूम
देहरादून में उन पर हुए हमले की कोशिश और लगातार मिल रही धमकियों पर मासूम शर्मा ने कैमरे पर पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी. उन्होंने कहा कि फोन पर धमकियां मिलना उनके लिए अब आम बात हो गई है, वे इसके आदि (Used to) हो चुके हैं.
मासूम ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, "फोन पर आने वाली धमकियों के लिए तो मैं अक्सर एफआईआर भी नहीं करवाता, लेकिन जब कोई फिजिकली सामने आता है और परिवार को परेशान करता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा. मैं फिलहाल अपने काम से थोड़ा फ्री होकर ऐसे लोगों को देखूँगा."
ADVERTISEMENT


