मशहूर हरियाणवी गायक मासूम शर्मा (Masoom Sharma) एक बार फिर विवादों में हैं. अपनी आगामी फिल्म 'लाइसेंस' के प्रमोशन के लिए आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मासूम शर्मा और एक पत्रकार के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि मासूम शर्मा ने पत्रकार को 'तू' कहकर संबोधित किया, जिस पर मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी आपत्ति जताई.
ADVERTISEMENT
कला बनाम स्टंटबाजी पर छिड़ी बहस
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब एक पत्रकार ने मासूम शर्मा से उनके साथ लगातार जुड़ते विवादों और 'पब्लिसिटी स्टंट' को लेकर सवाल किया, तो मासूम शर्मा अपना आपा खो बैठे. पत्रकार ने पूछा कि क्या उन्हें अपनी कला पर भरोसा नहीं है जो उन्हें लोकप्रियता के लिए विवादों का सहारा लेना पड़ता है?
इस पर मासूम शर्मा ने हरियाणवी लहजे में जवाब देते हुए कहा, "कला का भरोसा बैठे रहवां... कोई गोली मारकै जांदा रहवे, मेरे बालकां ने पाल देगा तू? कैसी बात करता है यार!"
'परिवार पर बात आएगी तो मैं कहूंगा'
जब पत्रकार ने मासूम शर्मा द्वारा 'तू' शब्द के इस्तेमाल पर ऐतराज जताया और शालीनता से बात करने को कहा, तो मासूम ने पलटवार करते हुए कहा कि जब बात परिवार और सुरक्षा पर आएगी, तो वह इसी तरह जवाब देंगे. मासूम ने आरोप लगाया कि उन्हें परेशान करने के लिए जानबूझकर ऐसे सवाल पूछे जा रहे हैं. उन्होंने कहा, "मैं यहाँ अपनी फिल्म 'लाइसेंस' की बात करने आया हूं, लेकिन आप लोग पुराने विवादों को कुरेद रहे हैं."
देहरादून विवाद और धमकियों पर खुलासा
मासूम शर्मा ने इस दौरान देहरादून में हुए विवाद और उन्हें मिल रही धमकियों पर भी बात की. उन्होंने बताया कि उन्होंने हरियाणा महिला आयोग के समन का जवाब दे दिया है और जहाँ एफआईआर हुई है, वहाँ वह व्यक्तिगत रूप से भी पेश होंगे. मासूम ने यह भी दावा किया कि उन्हें धमकी देने वाला व्यक्ति बीजेपी के कई मंचों पर देखा गया है, हालांकि वह कोई बड़ा नेता नहीं है. गायक ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में दो बड़े अधिकारियों को जानकारी दे दी है.
मानसिक तनाव में हैं मासूम शर्मा?
विवाद के बीच मासूम शर्मा ने स्वीकार किया कि वह पिछले कुछ समय से काफी तनाव में हैं. उन्होंने कहा, "सच में मैं आत्मिक रूप से बताऊं, उस दिन जो हुआ मैं अब तक टेंशन में हूं. मुझे लगता है कि बिना बात की परेशानी मुझे और मेरे परिवार को हुई है."
ADVERTISEMENT


