पसलियों में चोट का बहाना बनाकर खाप पंचायत नहीं पहुंचे मासूम शर्मा, 2 दिन बाद स्टेज पर गाया विवादित गाना

हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा हिमाचल के एक लाइव शो में हरियाणा सरकार द्वारा गन कल्चर के कारण बैन किया गया अपना विवादित गाना 'एक खटोला जेल के भीतर' गाते दिखे. मंच पर कांग्रेस विधायक और मंत्री भी मौजूद थे. खाप पंचायत छोड़ने के दो दिन बाद बैन गाना गाने से नया विवाद खड़ा हो गया है.

Masoom Sharma
Masoom Sharma
Google CTA

हरियाणवी गानों में गन कल्चर और विवादित कंटेंट को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है. चर्चित हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में अपना सबसे विवादित और बैन गाना 'एक खटोला जेल के भीतर, एक खटोला जेल के बाहर' गाते नजर आए.

Read more!

हैरानी की बात यह रही कि जिस समय मासूम शर्मा मंच से यह गाना गा रहे थे, उस वक्त मंच पर हिमाचल की नगरोटा बगवा विधानसभा से कांग्रेस एमएलए और पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर एस बाली और मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद थे. विधायक आर एस बाली ने तो यहां तक कहा कि उन्हें हरियाणवी भाषा समझ में तो नहीं आती, लेकिन लोग इस गाने पर झूम रहे हैं.

सरकार द्वारा बैन है यह गाना

बता दें कि हरियाणा सरकार ने गन कल्चर और हिंसा को बढ़ावा देने वाले 20 अलग-अलग सिंगर्स के 67 गानों पर सख्त एक्शन लिया था. इनमें अकेले मासूम शर्मा के 10 गानों को डिलीट और बैन किया गया था. 'एक खटोला जेल के भीतर...' गाना भी उसी लिस्ट में शामिल है, जिसको लेकर पहले भी कई लाइव शोज में तोड़फोड़ और हंगामा हो चुका है.

खाप पंचायत से बनाई दूरी, दो दिन बाद स्टेज शो में आए नजर

हाल ही में महम चौबीसी में गन कल्चर और अश्लील कंटेंट के खिलाफ खाप पंचायत बुलाई गई थी, जिसमें कई कलाकार पहुंचे थे. मासूम शर्मा ने पसलियों में चोट का हवाला देकर इस पंचायत में आने से मना कर दिया था. हालांकि, इसके महज दो दिन बाद वे हिमाचल प्रदेश में आयोजित जी एस बाली की जयंती के कार्यक्रम में मंच पर परफॉर्म करते दिखे और वही बैन गाना गा दिया. अब सवाल उठ रहे हैं कि जब जनप्रतिनिधि ही ऐसे विवादित गानों पर झूमते दिखेंगे तो गन कल्चर पर रोक कैसे लगेगी.