नीट-यूजी 2026 (NEET-UG 2026) पेपर लीक विवाद और परीक्षा रद्द होने के बाद अब सियासत गरमा गई है. आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने रोहतक में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा दोबारा परीक्षा (Re-Exam) कराने के फैसले से छात्रों का भ्रम और बढ़ गया है. सरकार देश के 22-23 लाख छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है.
ADVERTISEMENT
अनुराग ढांडा ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा, "जिस तरह से मोदी सरकार नीट परीक्षाओं से निपट रही है, उससे युवाओं के मन में और भी ज्यादा संदेह पैदा हो रहा है. देश भर के लाखों युवा इस वक्त भारी तनाव और पैनिक में हैं. अचानक परीक्षा रद्द कर दी गई और कहा गया कि दोबारा परीक्षा होगी. एक तारीख (21 जून) भी घोषित कर दी गई... लेकिन आखिरकार बदला क्या है?"
उन्होंने आगे कहा कि इस पूरे घोटाले में केवल निचले स्तर के कुछ लोगों को ही गिरफ्तार किया गया है. ढांडा ने सवाल उठाया, "क्या पेपर लीक के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया गया? हर साल पेपर लीक कराने वाले और राजनीतिक संरक्षण पाने वाले शीर्ष लोग क्या जेल के पीछे पहुंचे? बिल्कुल नहीं."
एक महीने बाद होने वाले री-एग्जाम पर उठाए सवाल
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा 21 जून को होने वाली री-परीक्षा पर आशंका जताते हुए उन्होंने कहा, "NTA एक महीने बाद फिर से परीक्षा आयोजित करने जा रहा है, लेकिन इस बात की क्या गारंटी है कि इस बार पेपर दोबारा बिक्री के लिए बाजार में उपलब्ध नहीं होगा? मोदी सरकार देश के होनहार 22-23 लाख छात्रों की जिंदगी और उनके सपनों के साथ खेल रही है."
ADVERTISEMENT


