नूंह में नाबालिग से गैंगरेप, ब्लैकमेल कर वारदात को दिया अंजाम; इलाके में पुलिस बल तैनात

हरियाणा के नूंह में 16 साल की नाबालिग लड़की को अगवा कर 5 युवकों ने जंगल में गैंगरेप किया. मुख्य आरोपी पड़ोस का पूर्व दुकानदार है, जिसने प्राइवेट वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लड़की को ब्लैकमेल किया.

NewsTak

राहुल यादव

follow google news

हरियाणा के नूंह जिले में एक 16 साल की नाबालिग लड़की को अगवा कर पांच युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. वारदात के बाद से ही पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने स्थिति को काबू में रखने के लिए प्रभावित इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है.

Read more!

किराने की दुकान चलाने वाले ने रची साजिश

पीड़िता के परिवार ने इस मामले में अपने ही पड़ोस के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, मुख्य आरोपी का नाम शौकीन है, जो पहले लड़की के घर के पास ही एक किराने की दुकान चलाता था. आरोपी के पास नाबालिग का एक निजी वीडियो था. इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह लड़की को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था.

जंगल में ले जाकर किया सामूहिक दुष्कर्म

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, यह वारदात 5 जून की है. आरोपी शौकीन ने अपने चार अन्य दोस्तों के साथ मिलकर नाबालिग को अगवा किया. इसके बाद वे उसे एक सुनसान जंगल में ले गए, जहां पांचों आरोपियों ने उसके साथ जबरन गैंगरेप किया.

घटना का खुलासा तब हुआ जब अगली सुबह यानी 6 जून को पिता सोकर उठे. उन्होंने देखा कि उनकी बेटी घर पर नहीं थी. कुछ समय बाद मोटरसाइकिल सवार कुछ लोग नाबालिग को घर के पास छोड़कर फरार हो गए. परिजनों द्वारा कड़ाई से पूछने पर रोती हुई पीड़िता ने अपनी आपबीती सुनाई.

POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज

परिजनों की शिकायत मिलते ही नूंह महिला थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी शौकीन सहित पांचों युवकों के खिलाफ पोक्सो (POCSO) एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है.

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. आरोपियों में से एक लड़का नाबालिग बताया जा रहा है. पुलिस का दावा है कि सभी दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. फिलहाल गाँव में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है.

 

    follow google news