मारुति इको पर लिखा था एंबुलेंस… लेकिन अंदर चल रहा था ऐसा खेल, दरवाजा खुलते ही पुलिस रह गई दंग!

Nuh news : हरियाणा के नूंह जिले में सीआईए पुलिस और गौ तस्करों के बीच मंगलवार सुबह भयंकर मुठभेड़ हो गई. शातिर गौ तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए एंबुलेंस लिखी इको कार में क्रूरता से गायों को ठूंस रखा था. नाकाबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने के बाद जवाबी कार्रवाई में एक मुख्य आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया.

नूह में बड़ा एनकाउंटर: एंबुलेंस में छिपाकर ले जा रहे थे गोवंश
नूह में बड़ा एनकाउंटर: एंबुलेंस में छिपाकर ले जा रहे थे गोवंश

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Nuh police encounter: हरियाणा के नूंह (मेवात) जिले से मंगलवार सुबह पुलिस और कथित गौ तस्करों के बीच आमने-सामने की भयंकर मुठभेड़ हो गई. इस दौरान पुलिस ने एक मुख्य गौ तस्कर को दबोच लिया है, जबकि उसके दो साथी मौके का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे. इस मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मिली जानकारी के अनुसार, नूंह CIA पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि नूंह -उटावर रोड पर गांव जयसिंहपुर के पास से एक संदिग्ध वाहन गुजरने वाला है. बताया गया कि एंबुलेंस जैसा दिखने वाला एक वाहन बड़ी तादाद में गोवंश को ले जाया जा रहा है. ऐसे में नूंह के CIA प्रभारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम गठित की गई. टीम ने फौरन  इलाके में भारी नाकाबंदी कर दी  और वाहन के आने का इंतजार करने लगी.

Read more!

इस बीच कुछ ही देर में पुलिस गाड़ी आती दिखाई दी. सीआईए टीम ने उस गाड़ी को करीब से देखा तो वे दंग रह गए. सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि जिस मारुति इको कार में तस्करों ने गोवंश भरे हुए थे, उस गाड़ी पर बाहर बड़े-बड़े अक्षरों में एंबुलेंस लिखा हुआ था ताकि पुलिस को कोई शक न हो. जब पुलिस ने गाड़ी को रुकवाने का प्रयास किया, तो तस्करों ने गाड़ी रोकने की बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी. गाड़ी के अंदर बेजुबान गौवंश को बेहद क्रूरता पूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरा गया था.

पुलिस पर तस्करों ने झोंक दिया फायर

सीआईए प्रभारी महेंद्र सिंह की टीम ने जब तस्करों की एंबुलेंस नुमा कार को चारों तरफ से घेर लिया, तो खुद को फंसता देख गाड़ी में सवार शातिर आरोपियों ने पुलिस टीम पर सीधे जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी. बदमाशों की तरफ से गोलीबारी होते ही पुलिस ने भी अपनी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और मोर्चा संभालते हुए गोलियां चलाईं. दोनों तरफ से हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की एक गोली सीधे मुख्य आरोपी के दोनों पैरों में जा लगी, जिससे वह लहुलूहान होकर वहीं गिर पड़ा.

पुलिस के अनुसार, घायल तस्कर की पहचान हमास खान पुत्र खुर्शीद के रूप में हुई है, जो उटावर गांव का रहने वाला है. पैर में गोली लगने के कारण वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे पुलिस ने तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए नूंह के शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. 

हथियार, कारतूस और गोवंश बरामद, दो तस्कर फरार

मुठभेड़ खत्म होने के बाद पुलिस ने जब मौके की तलाशी ली, तो वहां से कई हैरान करने वाली चीजें बरामद हुईं. पुलिस ने मौके से एक अवैध देसी कट्टा, तीन खाली खोके (कारतूस के खोल), 10 जिंदा कारतूस, तस्करों द्वारा इस्तेमाल की जा रही फर्जी एंबुलेंस (इको कार) और उसके अंदर क्रूरता से बंद किए गए 4 जिंदा गौवंश को सुरक्षित बरामद कर लिया है. हालांकि, इस अंधाधुंध फायरिंग और एनकाउंटर के बीच गाड़ी में सवार दो अन्य गौ तस्कर पुलिस को चकमा देकर घने जंगलों की तरफ फरार हो गए.

पुलिस ने दर्ज किया केस

नूंह सदर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है. सीआईए और स्थानीय पुलिस की कई टीमें फरार तस्करों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.

इनपुट: कासिम खान

 

    follow google news