Nuh Encounter: नूंह में पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़, 2 की मौत, एक घायल, पिकअप में मिलीं 7 गायें

राहुल यादव

• 12:39 PM • 15 Nov 2026

हरियाणा के नूंह में रविवार सुबह पुलिस और कथित पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई. गोलीबारी में साबिर और गब्बर उर्फ हडिया की मौत हो गई, जबकि ताहिर घायल है. पुलिस ने सात गायों से भरी पिकअप, तीन देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं. मामले की मजिस्ट्रेट जांच जारी है.

Nuh
Nuh
Google CTA

Nuh Police Encounter: हरियाणा के नूंह में रविवार तड़के पुलिस और कथित पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया. घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने घटनास्थल से सात गायों से भरी एक पिकअप और हथियार बरामद किए हैं. मामले की मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है.

Read more!

जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार सुबह करीब 4:30 बजे की है. फिरोजपुर झिरका की क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) की टीम सब-इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई कर रही थी. इसी दौरान टीम का सामना कथित पशु तस्करों से हो गया. पुलिस और आरोपियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई.

मुठभेड़ में साबिर और गब्बर की मौत

गोलीबारी में तीन लोगों को गोली लगी. इसके बाद पुलिस तीनों घायलों को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची. यहां डॉक्टरों ने साबिर और गब्बर उर्फ हडिया को मृत घोषित कर दिया. वहीं, तीसरे घायल ताहिर का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

पिकअप में मिलीं 7 गायें, तीन पिस्तौल बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक पिकअप गाड़ी बरामद की. इसमें सात गायें भरी हुई थीं. इसके अलावा पुलिस को घटनास्थल से .315 बोर के तीन देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और पांच खाली कारतूस मिले हैं. पुलिस ने पिकअप और हथियारों को अपने कब्जे में ले लिया है. अब इनकी जांच की जा रही है.

मुठभेड़ की मजिस्ट्रेट जांच शुरू

नूंह पुलिस के प्रवक्ता के मुताबिक, मुठभेड़ में मारे गए साबिर और गब्बर के शव मोर्चरी में रखवाए गए हैं. दोनों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है. पुलिस ने बताया कि मामले की मजिस्ट्रेट जांच शुरू हो चुकी है. जांच में मुठभेड़ के दौरान हुई गोलीबारी और उससे जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल की जाएगी.