नूंह में जीजा ने दूल्हे को पहनाई 25 लाख की माला तो भड़क गए साढू साहब, फिर जो हुआ उसका वीडियो हो रहा वायरल

Nuh Wedding Viral Video: हरियाणा के नूंह जिले में एक शादी समारोह के दौरान 25 लाख रुपये की नोटों की माला विवाद की वजह बन गई. दूल्हे के जीजा द्वारा महंगी माला पहनाने के बाद साढू पक्ष नाराज हो गया और बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी शुरू हो गई. बारात में भगदड़ मच गई और खुशी का माहौल तनाव में बदल गया. जानिए पूरी कहानी.

Nuh Wedding Viral Video
Nuh Wedding Viral Video

सोनिया सत्यानीता

follow google news

शादियों में अक्सर छोटी-मोटी नाराजगी की खबरें सामने आती रहती हैं, लेकिन हरियाणा के नूह जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सबको हैरान कर दिया है. यहां एक शादी समारोह के दौरान नोटों की माला पहनाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि खुशी का माहौल पल भर में रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. दूल्हे के जीजा द्वारा लाखों रुपए की माला पहनाने पर साढू इस कदर भड़के कि दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई और बारात में भगदड़ मच गई. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है. विस्तार से जानिए मामले की पूरी कहानी.

Read more!

25 लाख की माला ने बिगाड़ा खेल

घटना नूह जिले के पुन्हाना उपमंडल के नेहदा गांव की है. यहां के निवासी महबूब कुरैशी के बेटे की बारात गांव अली मेव के लिए रवाना होने वाली थी. बारात रवानगी से पहले रस्मों का दौर चल रहा था. इसी दौरान दूल्हे के जीजा नयूम, जो कि सिंगार गांव के रहने वाले हैं, ने अपने साले यानी दूल्हे को करीब 25 लाख रुपये के नोटों की माला पहनाई. इतनी बड़ी रकम की माला देख वहां मौजूद लोग दंग रह गए, लेकिन यही माला विवाद की जड़ बन गई.

साढू की जिद और शुरू हुआ पथराव

बताया जा रहा है कि जैसे ही जीजा ने 25 लाख की माला पहनाई, उत्तर प्रदेश के हतियाका गांव से आए दूल्हे के साढू नाराज हो गए. साढू का कहना था कि उनकी तरफ से भी नोटों की माला आ रही है, इसलिए बारात को तब तक रोका जाए जब तक उनकी माला नहीं आ जाती. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से गाली-गलौज होने लगी और पथराव शुरू हो गया. पत्थरबाजी के चलते बारात में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-बदल भागने लगे.

ग्रामीणों में भारी रोष

इस घटना के बाद गांव के लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है. सोशल मीडिया पर इस पूरी घटना का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. विवाद से दुखी एक ग्रामीण ने सार्वजनिक रूप से अपील करते हुए कहा कि भविष्य में उनके गांव में होने वाली किसी भी शादी में इस तरह की माला लाने की जरूरत नहीं है. ग्रामीण का कहना था कि दिखावे की इस रस्म ने गांव का नाम खराब किया है और अगर दोबारा कोई ऐसी माला लाया, तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

पुलिस की कार्रवाई और मेवात की रस्म

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस पत्थरबाजी में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन मामले की जांच जारी है. आपको बता दें कि मेवात इलाके में दूल्हे को लाखों रुपये की माला पहनाने की रस्म काफी पुरानी है. कई लोग इसे सामाजिक बुराई और दिखावा मानते हैं, जिसके कारण अक्सर इस तरह के टकराव देखने को मिलते हैं.

    follow google news