हरियाणा: पाकिस्तानी को खुफिया जानकारी देने के आरोप में युवक गिरफ्तार, व्हाट्सएप पर 4 साल से संपर्क, पुलिस ने बताई ये बात!

न्यूज तक डेस्क

03 Oct 2025 (अपडेटेड: Oct 3 2025 5:26 PM)

पलवल पुलिस ने कोट गांव से वसीम नामक युवक को पाकिस्तान को खुफिया जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार किया है. वह चार साल से व्हाट्सएप पर पाकिस्तानी अधिकारियों के संपर्क में था और उसने उन्हें सिम कार्ड भी दिया था.

Pakistan spy arrested Haryana
Pakistan spy arrested Haryana
Google CTA

Haryana: हरियाणा पुलिस ने पलवल जिले के कोट गांव से एक युवक को गिरफ्तार किया है. युवक पर पाकिस्तान को खुफिया जानकारी देने का गंभीर आरोप है. गिरफ्तार युवक की पहचान वसीम के रूप में हुई है, जो हथीन उपमंडल का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार, वसीम पिछले चार साल से व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तानी अधिकारियों के संपर्क में था. इस मामले में पुलिस ने साइबर तकनीक की मदद से डिलीट की गई चैट्स को रिकवर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

Read more!

कैसे शुरू हुई साजिश?

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि वसीम 2021 में पाकिस्तान वीजा बनवाने के लिए दिल्ली स्थित पाकिस्तान दूतावास गया था. वहां उसकी मुलाकात दूतावास में तैनात दानिश और एक अन्य कर्मचारी से हुई थी. इसके बाद वसीम ने व्हाट्सएप के जरिए इन लोगों से नियमित संपर्क बनाए रखा. पुलिस का कहना है कि वसीम ने इस दौरान संवेदनशील जानकारियां साझा कीं. इसके अलावा, उसने दिल्ली में एक सिम कार्ड भी उपलब्ध कराया था.

तौफीक से कनेक्शन

वसीम की गिरफ्तारी 26 सितंबर को पकड़े गए तौफीक से पूछताछ के बाद हुई. तौफीक के खिलाफ पहले ही देशद्रोह का मामला दर्ज है और अब वसीम का नाम भी इस केस में जोड़ा गया है. सीआईए पलवल की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है. जिसका नेतृत्व पीएसआई दीपक गुलिया कर रहे हैं. वसीम को अदालत से रिमांड पर लिया गया है, जबकि तौफीक को जेल भेज दिया गया है.

वसीम का बैकग्राउंड

वसीम के पिता कोट गांव में एक अस्पताल चलाते हैं और वसीम उनके साथ काम में मदद करता है. इसके अलावा, वह एक यूट्यूब चैनल भी चलाता है. उसके परिवार का कहना है कि वसीम कभी पाकिस्तान नहीं गया. हालांकि, पुलिस को उसके फोन से कुछ संदिग्ध चैट्स मिली हैं, जिनमें से कई को उसने डिलीट कर दिया था. इन चैट्स को रिकवर करने की कोशिश की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने कौन-सी जानकारियां लीक कीं.

पुलिस कर रही जांच

पलवल पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है. साइबर विशेषज्ञों की मदद से डिलीट की गई चैट्स और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं. वसीम से पूछताछ जारी है, और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने और किन लोगों के साथ संपर्क बनाया था.