दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट और प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में अब हरियाणा के छात्र भी आर-पार के मूड में आ गए हैं. इस घटना के विरोध में रेवाड़ी जिले के विभिन्न छात्र संगठनों से जुड़े सैकड़ों युवा एक मंच पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया.
ADVERTISEMENT
प्रदर्शनकारी छात्रों ने रेवाड़ी की सड़कों पर जुलूस निकालते हुए राज्य और केंद्र सरकार के साथ-साथ शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. युवाओं का आरोप है कि सरकार पेपर लीक माफियाओं पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है, जिससे दिन-रात मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का भविष्य अंधकार में लटक गया है.
लोकतंत्र की हत्या का लगाया आरोप
छात्र नेताओं ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठा रहे युवाओं पर पुलिस बल का प्रयोग करना लोकतंत्र की हत्या के समान है. देश का युवा अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ना चाहता है, लेकिन पेपर लीक करने वाला माफिया तंत्र उनकी उम्मीदों पर पानी फेर देता है.
नेपाल की तर्ज पर उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने सरकार को कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू नहीं की गई और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. उन्होंने कहा कि स्थिति न सुधारने पर हरियाणा में भी नेपाल जैसे बड़े जन-आंदोलन देखने को मिल सकते हैं, जिसकी पूरी जवाबदेही शासन-प्रशासन की होगी.
ADVERTISEMENT


