आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता नवीन जयहिंद ने सांसद राघव चड्ढा और पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के बीच चल रहे विवाद पर एक विस्फोटक बयान दिया है. जयहिंद ने दावा किया है कि राघव चड्ढा और पार्टी के बीच की कड़वाहट का असली कारण कोई राजनीतिक विचारधारा नहीं, बल्कि 'माल' यानी पैसे का लेन-देन है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस विवाद के चलते चड्ढा की दो बार पिटाई भी की गई थी.
ADVERTISEMENT
पैसे को लेकर हुआ विवाद
नवीन जयहिंद ने राघव चड्ढा को 'मालदार' और 'राजदार' करार देते हुए कहा कि पंजाब में नियुक्तियों और तबादलों (IAS-IPS Transfer-Posting) का पूरा काम चड्ढा ही देखते थे. जयहिंद के अनुसार:
रकम का हेरफेर: जो पैसा कथित तौर पर सिंगापुर भेजा जाना था, उसे राघव चड्ढा इंग्लैंड ले गए, जिसके बाद यह पूरा विवाद शुरू हुआ.
पिटाई का आरोप: जयहिंद ने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल ने अपने दिल्ली स्थित आवास 'शीश महल' में राघव चड्ढा को 'मुर्गा' बनाकर पिटवाया था. इसके अलावा चंडीगढ़ की एक 'गुप्त कोठी' में भी उनके साथ मारपीट का आरोप लगाया गया है.
आंखों पर चश्मा और चोट: उन्होंने संकेत दिया कि कुछ समय पहले जब चड्ढा चश्मा लगाकर घूम रहे थे और उनकी आंखों के पास चोट के निशान थे, वह दरअसल इसी मारपीट का नतीजा था.
पंजाब के 'सुपर सीएम' पर तंज
जयहिंद ने कहा कि राघव चड्ढा पंजाब में 'शैडो सीएम' के तौर पर काम कर रहे थे और मुख्यमंत्री भगवंत मान की स्थिति केवल एक 'चपरासी' जैसी रह गई थी. उन्होंने दावा किया कि पंजाब और दिल्ली की जनता के पैसे को लूटा गया है और अब यह झगड़ा उसी लूट के बंटवारे को लेकर है. जयहिंद ने राघव चड्ढा के हालिया 'घायल और घातक' वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा कि वे 'सनी देओल' बनने की कोशिश न करें बल्कि जनता को सच बताएं.
दोनों का हो लाइव नार्को टेस्ट
नवीन जयहिंद ने मांग की है कि दूध का दूध और पानी का पानी करने के लिए अरविंद केजरीवाल और राघव चड्ढा, दोनों का लाइव नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए. उन्होंने चड्ढा को चुनौती दी कि अगर उनके साथ मारपीट नहीं हुई है, तो वे इसका खुलकर खंडन क्यों नहीं कर रहे हैं? जयहिंद का कहना है कि यह मामला दो नेताओं का नहीं बल्कि देश और प्रदेश की जनता के साथ हुए धोखे का है.
ADVERTISEMENT


