Rahul Gandhi Sonipat wedding: हरियाणा के सोनीपत में मंगलवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अचानक एक किसान के घर आयोजित शादी समारोह में पहुंच गए. यहां उन्होंने दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दिया. राहुल गांधी के शादी में पहुंचने से पूरे कार्यक्रम का माहौल और भी खुशनुमा हो गया. उन्होंने यहां दुल्हन को आशीर्वाद दिया. इस दौरान राहुल गांधी ने परिवार के लोगों और मेहमानों से मुलाकात की और शादी में बने पारंपरिक व्यंजनों का भी स्वाद चखा.
ADVERTISEMENT
दरअसल, संजय मलिक को सुबह ही फोन पर बताया गया कि राहुल गांधी उनकी बेटी की शादी में आने वाले हैं. इसके बाद करीब सवा दस बजे राहुल गांधी अपनी सुरक्षा टीम के साथ मदीना गांव पहुंचे. उन्होंने परिवार के बीच एक घंटे से भी ज्यादा समय बिताया और बेहद सादगी के साथ सभी से मुलाकात की. राहुल गांधी को अपने बीच पाकर किसान का पूरा परिवार भावुक और खुश नजर आया.
हरियाणवी खाने का चखा स्वाद
राहुल गांधी ने यहां शादी में परिवार के साथ बैठकर खाना खाया. इस दौरान उन्होंने हरियाणा के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखा, जिसमें चूरमा, जलेबी, लड्डू और मिस्सी रोटी-सब्जी शामिल थे.परिवार के सदस्यों ने बताया कि लोकसभा सत्र के व्यस्त समय के बीच दिल्ली से निकलकर एक छोटे किसान के घर आना उनके लिए गर्व की बात है.
राहुल गांधी ने निभाया अपना वादा
दरअसल, कुछ समय पहले किसान संजय मलिक और उनके भाई बलजीत मलिक ने दिल्ली पहंचकर राहुल गांधी को शादी में आने का न्यौता दिया था. इस दौरान राहुल गांधी ने उनसे शादी में आने का वादा किया था. ऐसे में मंगलवार को अपने व्यस्त कार्यक्रम के बाद भी राहुल गांधी ने शाादी में पहुंचकर अपना वादा पूरा किया.
दीपेंद्र हुड्डा ने की राहुल गांधी की तारीफ
वही इस मौके पर रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी राहुल गांधी के साथ मौजूद रहे. उन्होंने भी दुल्हन को आशीर्वाद दिया और राहुल गांधी की सादगी की तारीफ की. दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि बड़े नेता अक्सर अमीर लोगों की शादियों में शामिल होते हैं, लेकिन राहुल गांधी ने एक साधारण किसान की बेटी की शादी में आकर नई मिसाल पेश की है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने परिवार के साथ करीब 45 मिनट बिताए और हरियाणा की संस्कृति व परिवार के हाल-चाल के बारे में जानकारी ली.
ADVERTISEMENT

