प्रेम प्रसंग, अपहरण और फिर मौत… प्यार में पड़े स्टेट लेवल खिलाड़ी को 3 दिन तक किया गया भयानक टॉर्चर, कहानी सुन कांप जाएगी रूह

Haryana News: फरीदाबाद के तिगांव में सनसनीखेज वारदात! राजस्थान के अलवर का रहने वाला 21 वर्षीय स्टेट लेवल बैडमिंटन खिलाड़ी मोनू, जो एक नाबालिग लड़की से प्यार करता था, उसे लड़की के परिजनों ने कथित तौर पर अगवा कर 3 दिनों तक बंधक बनाया और बेरहमी से टॉर्चर किया. अस्पताल में इलाज के दौरान खिलाड़ी ने दम तोड़ दिया.

Haryana News
Haryana News

आशीष कुमार झा

follow google news

Monu Dayma Murder Case: हरियाणा के फरीदाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां कथित तौर पर प्रेम प्रसंग के चलते राजस्थान के भिवाड़ी निवासी 21 वर्षीय युवक मोनू दायमा की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक स्टेट लेवल बैडमिंटन खिलाड़ी था और हाल ही में उसने 12वीं की परीक्षा अच्छे अंकों से पास की थी. घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है.

Read more!

8 महीने पुरानी दोस्ती प्यार में बदली

मोनू दायमा राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी स्थित सैदपुर गांव का रहने वाला था. परिजनों के मुताबिक, फरीदाबाद के तिगांव इलाके की रहने वाली एक नाबालिग लड़की अपने मामा के घर सैदपुर आती-जाती थी. इसी दौरान दोनों की पहचान हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई. बताया जा रहा है कि अप्रैल 2026 में मोनू लड़की को अपने साथ ले गया था. इसके बाद लड़की के परिवार ने तिगांव थाने में मोनू के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था. पुलिस ने बाद में लड़की को बरामद कर लिया, लेकिन मोनू तब से फरार चल रहा था.

रास्ते से अगवा कर 3 दिन तक किया टॉर्चर

मृतक के चाचा नरेंद्र के अनुसार, 17 मई को मोनू यह कहकर घर से निकला था कि वह तिगांव थाने में जांच में शामिल होने जा रहा है. आरोप है कि रास्ते में लड़की के परिजनों और उनके साथियों ने उसे पकड़ लिया और एक घर में बंधक बनाकर रखा. परिजनों का कहना है कि करीब तीन दिनों तक मोनू को बेरहमी से पीटा गया. जब भी उसे होश आता, आरोपियों द्वारा फिर से मारपीट की जाती थी.

आरोपी खुद पहुंचे थाने, घर में मिला घायल मोनू

बताया जा रहा है कि 20 मई को लड़की के परिजन खुद तिगांव थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी कि उनके केस का आरोपी युवक उनके घर में मौजूद है. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मोनू गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ा मिला. पुलिस उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंची. पहले बल्लभगढ़ सरकारी अस्पताल, फिर बीके अस्पताल और बाद में फरीदाबाद के निजी अस्पताल में उसका इलाज चला, लेकिन दो दिन बाद उसकी मौत हो गई.

दो आरोपी हिरासत में, पुलिस जांच जारी

फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मृतक के पिता भीम सिंह की शिकायत पर लड़की के परिवार के 5-6 लोगों समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है. घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

 

    follow google news