'फिर निकलेंगे ट्रैक्टर...' राकेश टिकैत का बड़ा ऐलान, देशव्यापी कर्जमाफी और MSP कानून पर दी सरकार को चेतावनी

न्यूज तक डेस्क

• 03:09 PM • 09 Aug 2026

किसान नेता राकेश टिकैत ने संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अगस्त में आंदोलन और 'ट्रैक्टर मार्च' का ऐलान किया है. उन्होंने किसानों का पूरा कर्ज माफ करने और एमएसपी गारंटी कानून लागू करने की मांग की. टिकैत ने आरोप लगाया कि सही दाम न मिलने से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है.

NewsTak
Google CTA

किसान नेता राकेश टिकैत ने एक बार फिर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है. संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के आह्वान पर अगस्त महीने में फिर से देशव्यापी किसान आंदोलन और प्रदर्शन देखने को मिल सकते हैं.

Read more!

देशभर के किसानों की कर्जमाफी की मांग

राकेश टिकैत ने कहा कि पूरे देश के किसानों का कर्जा एक बार में 100% माफ किया जाना चाहिए. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) न मिलने के कारण किसानों को हर साल लाखों करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ता है. बिहार और महाराष्ट्र जैसे राज्यों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि फसलों का सही दाम न मिलने से किसान घाटे में जा रहे हैं. अगर सरकार एमएसपी गारंटी कानून बना दे तो फसलें सही दाम पर बिकेंगी और किसानों को कर्ज लेने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी.

सड़कों पर फिर उतरेंगे ट्रैक्टर

टिकैत ने किसानों से आह्वान किया है कि वे अपने-अपने इलाकों में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपें और शांतिपूर्ण तरीके से 'ट्रैक्टर मार्च' निकालें. फसल बीमा कंपनियों और सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बीमा कंपनियां बैंकों के जरिए पैसे वसूलती हैं, लेकिन संकट के समय किसानों को मुआवजा नहीं मिलता.

राजनीतिक बयानों पर कसा तंज

आरएसएस और राजनीतिक घटनाक्रमों पर बोलते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि देश को केवल जनआंदोलन ही बचा सकते हैं. युवाओं और विपक्ष को भी जनता के मुद्दों पर मुखर होकर आगे आना चाहिए.