क्या भिवानी-महेंद्रगढ़ में कांग्रेस को लगेगा एक और बड़ा झटका? सांसद धर्मवीर के बयान से मची खलबली

न्यूज तक डेस्क

• 03:55 PM • 15 Jul 2026

17 जुलाई को पीएम मोदी हरियाणा में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन और दो नए मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे. इसी बीच भाजपा सांसद धर्मवीर सिंह ने दावा किया है कि किरण चौधरी और श्रुति चौधरी के बाद अब कांग्रेस नेता राव दान सिंह भी जल्द भाजपा में शामिल हो सकते हैं.

dharmabir singh
dharmabir singh
Google CTA

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को होने वाले हरियाणा दौरे से ठीक पहले सूबे की सियासत गरमा गई है. भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने दावा किया है कि विपक्ष के कई बड़े नेता जल्द ही भाजपा का दामन थाम सकते हैं. जब उनसे कांग्रेस नेता राव दान सिंह के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "मैंने अब तक जितने भी चुनाव लड़े हैं, मेरे खिलाफ लड़ने वाले सभी नेता आज भाजपा में शामिल हो चुके हैं. श्रुति चौधरी और राव बहादुर सिंह पहले ही आ चुके हैं, तो अब दान सिंह को आने में क्या दिक्कत होगी?"

Read more!

17 जुलाई को PM मोदी देंगे देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात

सांसद धर्मवीर सिंह ने बताया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं. पीएम मोदी देश की पहली 'हरित ट्रेन' यानी हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन करेंगे. यह तकनीक पूरी तरह प्रदूषण मुक्त होगी. इसके साथ ही, भिवानी और नारनौल (कोरियावास) में बने दो नए बड़े मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन भी ठीक सुबह 9:00 बजे प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा.

विपक्ष के 'मिशन 360' के आरोपों पर किया पलटवार

संसद के आगामी मानसून सत्र और विपक्ष द्वारा भाजपा पर लगाए जा रहे विधायकों व सांसदों को डराने-धमकाने के आरोपों पर धर्मवीर सिंह ने तीखा पलटवार किया. उन्होंने कहा कि 'मिशन 360' जैसा कोई नारा आधिकारिक नहीं है, बल्कि सच्चाई यह है कि क्षेत्रीय पार्टियां सिर्फ अपने परिवारों के बारे में सोचती हैं, देश के बारे में नहीं. यही वजह है कि ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल और उद्धव ठाकरे की पार्टियों के सांसद और विधायक अपनी ही लीडरशिप से नाराज होकर भाजपा की राष्ट्रीय सोच के साथ जुड़ रहे हैं.

एथेनॉल और पेपर लीक पर विपक्ष को घेरा

विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे एथेनॉल और पेपर लीक के मुद्दों पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि एथेनॉल गन्ने से बनता है, जिससे किसानों को सीधा फायदा होता है. विपक्ष सिर्फ गाड़ियों के खराब होने की अफवाहें फैला रहा है. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के एक पुराने बयान को याद दिलाते हुए कहा कि 'अफवाहें देश का दुश्मन हैं' और आज कांग्रेस खुद देश में अफवाहें फैला रही है. वहीं पेपर लीक के मुद्दे पर उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.