जेम ट्यूंस (Gem Tunes) के मालिक और कथित तौर पर गैंगस्टरों के साथ साठगांठ के आरोपी राव इंद्र यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं. सोशल मीडिया और कई मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यह खबर तेजी से वायरल हो रही है कि राव इंद्र यादव को दुबई में 'हाउस अरेस्ट' कर लिया गया है और जल्द ही उनका प्रत्यर्पण (Extradition) भारत किया जा सकता है. हालांकि, इन खबरों के सामने आने के बाद खुद राव इंद्र यादव और उनके परिवार ने इसका कड़ा खंडन किया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दावा किया जा रहा था कि हरियाणा एसटीएफ (STF) की कोशिशों के बाद राव इंद्र यादव को दुबई में नजरबंद किया गया है. लेकिन जैसे ही यह खबर फैली, राव इंद्र यादव के बड़े भाई और बेरली गांव (रेवाड़ी) के सरपंच कृष्णपाल ने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने बताया कि उनकी कुछ ही समय पहले अपने भाई से बात हुई है और वह पूरी तरह ठीक हैं; उनके अरेस्ट की खबर महज एक अफवाह है.
राव इंद्र यादव का सोशल मीडिया पोस्ट
दुबई में हाउस अरेस्ट की खबरों के बीच राव इंद्र यादव ने अपने फेसबुक अकाउंट (इंद्रजीत सिंह के नाम से) पर एक पोस्ट लिखकर विरोधियों को चेतावनी दी है. उन्होंने लिखा:
"हर बार झूठी खबरें छपवाना इनकी स्क्रिप्ट का हिस्सा है... इतना आसान नहीं मुझे गिराना, राव साहब हूं, हर वार के बाद और मजबूत होकर लौटता हूं. जल्द ही महादेव न्याय करेंगे."
एसटीएफ के आधिकारिक बयान का इंतजार
हरियाणा एसटीएफ राव इंद्र यादव को एक ऐसे नेटवर्क का हिस्सा मानती है जो गैंगस्टरों और फाइनेंसरों के बीच तालमेल बिठाता है. उन पर हत्या (मंजीत छती मर्डर केस), रंगदारी और अवैध वसूली जैसे 19 गंभीर मामले दर्ज हैं. हालांकि, हाउस अरेस्ट की इस ताजा खबर पर हरियाणा एसटीएफ या किसी अन्य भारतीय एजेंसी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
कौन हैं राव इंद्र यादव और क्या हैं आरोप?
एसटीएफ के अनुसार, राव इंद्र यादव का गैंगस्टरों (जैसे रोहित गोदारा) के साथ बातचीत का कथित ऑडियो भी सामने आया था. उन पर आरोप है कि वह बड़े इंडस्ट्रियलिस्ट और फाइनेंसरों के बीच विवादों को सुलझाने के लिए गैंगस्टरों का सहारा लेते हैं. वहीं, राव इंद्र का कहना है कि उन्हें फंसाया जा रहा है और उनकी जान को खतरा है, इसी वजह से वह भारत नहीं लौट रहे हैं.
ADVERTISEMENT


