Rewari: पति को नहर में फेंकवाया, फिर अंतिम संस्कार में बहाए आंसू; स्कूटी में मिले मोबाइल ने खोली कातिल पत्नी की पोल

हरियाणा के रेवाड़ी में एक पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति मोनू की हत्या करवा दी. आरोपी पत्नी ने वारदात को हादसा दिखाने के लिए पति को बेहोश कर नहर में फेंकवाया और बाद में खुद अंतिम संस्कार में रोने का नाटक करती रही.

Rewari
Rewari
Google CTA

हरियाणा के रेवाड़ी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या करवा दी. वारदात को पूरी तरह हादसा दिखाने के लिए आरोपी पत्नी ने पति को जिंदा ही नहर में फेंकवा दिया और खुद अंतिम संस्कार की सभी रस्मों में शामिल होकर रोने का नाटक करती रही. हालांकि, मृतक के मोबाइल से रिकवर हुए डिलीट डेटा ने इस पूरी खौफनाक साजिश का भंडाफोड़ कर दिया है. पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Read more!

शादी से खुश नहीं थी पत्नी, प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश

यह पूरी घटना रेवाड़ी के गांव जड़थल की है. यहां के रहने वाले 21 वर्षीय मोनू की शादी कुछ समय पहले ही कसौली की रहने वाली तन्नू नाम की लड़की से हुई थी. पुलिस के मुताबिक, तन्नू इस शादी से खुश नहीं थी क्योंकि उसका मुंडनवास के रहने वाले सोनू नाम के युवक के साथ पुराना प्रेम प्रसंग चल रहा था. मोनू को रास्ते से हटाने के लिए तन्नू और सोनू ने एक बेहद खौफनाक प्लानिंग की.

सैलरी के पैसे लेकर बुलाया, फिर रास्ते में दबोचा

8 जून की शाम को तन्नू अपने मायके कसौली में थी. उसने मोनू को फोन करके अपने पीहर (मायके) बुलाया. मोनू घर पर पेट दर्द का बहाना बनाकर अपनी स्कूटी लेकर अपनी पत्नी से मिलने निकल गया. तन्नू ने अपने प्रेमी सोनू को इसकी जानकारी दे दी. सोनू ने अपने गांव के दो दोस्तों, हरि ओम और अमन के साथ मिलकर रास्ते में घात लगा ली. जैसे ही मोनू कसौली गांव के पास पहुंचा, आरोपियों ने उसे दबोच लिया. आरोपियों ने उसका मुंह और नाक तब तक दबाकर रखा जब तक वह पूरी तरह बेसुध नहीं हो गया. इसके बाद उसे जिंदा ही पास की नहर में फेंक दिया.

पुलिस को गुमराह करने के लिए बनाया 'हादसा'

साजिश इतनी शातिर थी कि आरोपियों ने मोनू की स्कूटी को नहर के किनारे बिल्कुल ठीक-ठाक खड़ा कर दिया, ताकि यह खुदकुशी या कोई हादसा लगे. 10 जून को जब मोनू की लाश आसलवास गांव के पास नहर में मिली, तो शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण पानी में डूबना आया. पुलिस और परिवार ने शुरुआत में इसे एक इत्तेफाकिया हादसा मान लिया.

अंतिम संस्कार में रोने का नाटक करती रही कातिल पत्नी

पति की मौत की खबर मिलते ही तन्नू अपने मायके से ससुराल जड़थल पहुंच गई. वह परिवार के सामने लगातार आंसू बहाती रही और किसी को शक न हो, इसलिए अंतिम संस्कार से लेकर रस्म क्रिया के दिनों तक बहू और पीड़ित पत्नी का फर्ज निभाते हुए सारी रस्मों को पूरा करती रही. उसकी एक्टिंग के आगे पुलिस और परिवार दोनों धोखा खा गए.

शादी के 3 साल बाद पहली बार आई थी ससुराल

परिवार के मुताबिक, मोनू और तन्नू की शादी करीब 3 साल पहले हुई थी. दोनों ने 12वीं तक पढ़ाई की थी. शादी के लंबे समय बाद तन्नू इसी साल 20 अप्रैल को पहली बार अपने ससुराल जड़थल गांव आई थी. यहां वह सिर्फ 3-4 दिन रुकी और वापस अपने मायके चली गई. इसके बाद वह दोबारा 1 मई को ससुराल आई और 16 मई को फिर वापस लौट गई.

डिलीट डेटा रिकवर होते ही खुला राज

पुलिस ने 11 जून को मोनू का मोबाइल और स्कूटी परिवार को सौंप दी. लेकिन जब परिवार ने देखा कि मोबाइल का सारा डेटा डिलीट है, तो उन्हें शक हुआ. परिवार ने साइबर एक्सपर्ट की मदद से डिलीट डेटा को रिकवर कराया. डेटा रिकवर होते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई. फोन से पता चला कि लापता होने वाले दिन (8 जून) को मोनू ने तन्नू को 49 बार कॉल किया था और उनके बीच चैट भी हुई थी, जिसे तन्नू ने डिलीट कर दिया था.

इसके बाद पीड़ित परिवार ने 2 जुलाई को एसपी से मुलाकात कर साक्ष्य सौंपे. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पत्नी तन्नू और हत्या में शामिल हरि ओम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि प्रेमी सोनू और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.