हरियाणा के रेवाड़ी जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है, जहां बावल पुलिस नाके पर तैनात पुलिसकर्मियों और पीसीआर इंचार्ज के बीच जमकर बहस और गाली-गलौज हुई. नाके की चेकिंग के दौरान जब इंचार्ज ने जवानों को चारपाई पर सोते और बिना यूनिफॉर्म (जूते और कैप) के ड्यूटी करते पकड़ा, तो बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से एक-दूसरे से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाने लगा.
ADVERTISEMENT
चारपाई पर सो रहे थे जवान, टोका तो भड़के
घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें पीसीआर इंचार्ज अनिल कुमार नाके का निरीक्षण करने पहुंचते हैं. वहां तैनात पुलिसकर्मी और होमगार्ड चारपाई और कुर्सियों पर आराम फरमा रहे थे. इंचार्ज ने जब अनुशासनहीनता पर सवाल उठाए और पूछा कि "जूते कहां हैं? सैल्यूट कौन करेगा? क्या समझा है ड्यूटी को?", तो ऑन-ड्यूटी कर्मचारी भड़क गए. देखते ही देखते दोनों पक्षों में तीखी बहस छिड़ गई और बात हाथापाई व गालियों तक पहुंच गई.
एसपी ने लिया एक्शन, हेड कॉन्स्टेबल सस्पेंड
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद रेवाड़ी के एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने मामले का संज्ञान लिया. एसपी ने बताया कि यह घटना 15-16 जुलाई की है. मामले में अनुशासनहीनता बरतने पर पीसीआर इंचार्ज हेड कॉन्स्टेबल अनिल कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है और पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है.
ADVERTISEMENT


