Harsh Chhikara viral statement: उत्तराखंड के ऋषिकेश में हरियाणा के दो युवकों की सरेआम बेरहमी से पिटाई और उनकी गाड़ी तोड़ने का मामला गरमाता जा रहा है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरियाणा के मशहूर समाजसेवी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हर्ष छिकारा का गुस्सा फूट पड़ा है. घटना को लेकर अब उनका एक वीडियो सामने आया है. इसमें उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. इसके साथ ही वीडिया में उन्होंने हरियाणा के लोगों से उत्तराखंड न जाने की अपील की है.
ADVERTISEMENT
लड़की छेड़ने का आरोप निकला पूरी तरह झूठा
आपको बता दें कि घटना को लेकर शुरुआत में दावा किया जा रहा था कि हरियाणा के लड़कों ने ऋषिकेश में किसी लड़की से छेड़छाड़ की थी, जिसके बाद भीड़ ने उन्हें पीटा. लेकिन अब इस मामले में चौंकाने वाला मोड़ आ गया है. पीड़ित लड़की की मां और पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि मामला छेड़छाड़ का था ही नहीं. इसके बाद से अब ये मामला गर्माया हुआ है. इसी पर हर्ष छिकारा ने एक वीडियो बनाया है. इसमें उन्होंने कहा कि "लड़की की मां ने खुद बयान दिया है कि लड़कों ने उनकी बेटियों को नहीं छेड़ा था. वे लोग आपस में ही तेज आवाज में बात कर रहे थे, जिसे वहां की आम जनता ने गलत समझा और हमला कर दिया. पुलिस ने भी माना है कि लड़के पूरी तरह निर्दोष थे."
"नंगा करके बाजार में घुमाया, उनकी इज्जत कौन लौटाएगा?"
हर्ष छिकारा ने भावुक और गुस्से भरे अंदज में कहा कि ऋषिकेश के बाजार में हरियाणा के दो बच्चों को नग्न अवस्था में दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया. उनकी नई गाड़ी तोड़ दी गई. सोशल मीडिया पर उनके फोटो-वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिससे उनकी इज्जत तार-तार हो गई है. वे लड़के अब इस सदमे और डिप्रेशन के कारण अपनी जान भी दे सकते हैं. छिकारा ने मांग की, "कानून उन आरोपियों को पकड़ेगा और दो दिन में उन्हें जमानत मिल जाएगी, लेकिन इन बच्चों को न्याय कैसे मिलेगा? हमारी मांग है कि जितने भी दोषी हैं, पुलिस उन्हें भी उसी बाजार के बीच नंगा करके उनका पैदल मार्च निकाले, ताकि आगे से कोई हरियाणा के लोगों पर हाथ उठाने की हिम्मत न करे."
70% कमाई हरियाणा के लोगों से होती है: छिकारा
वीडियो में हर्ष छिकारा ने कहा कि ऋषिकेश के लाेगों की 70% कमाई हरियाणा के पर्यटकों और श्रद्धालुओं की वजह से होती है. वहां के चूल्हे हरियाणा के लोग चलाते हैं. अब कांवड़ का सीजन आ रहा है, एक-एक गांव से पांच-पांच गाड़ियां जाएंगी और वहां के लोग पूरे साल की कमाई एक सीजन में करेंगे. लेकिन बदले में हरियाणा के लोगों को सिर्फ 'जूत' और बेइज्जती मिलती है.
हरियाणा के लोगों से की ये बड़ी अपील
हर्ष छिकारा ने हरियाणा के युवाओं और ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा, "अगर आपमें थोड़ी भी गैरत और औकात है, तो अपने आप पर कंट्रोल करो. इस साल भोले के भगत बनकर उत्तराखंड मत जाओ. सबके गांव में मंदिर हैं, वहीं भोलेनाथ के आगे हाथ जोड़ लो. एक साल के लिए हरिद्वार और ऋषिकेश जाने पर खुद बैन लगा दो. एक साल में वहां के होटल और रेस्टोरेंट वाले भूखे मर जाएंगे, तब उन्हें समझ आएगा कि हरियाणा का आदमी भगवान की तरह पूजने के लायक है, पीटने के लिए नहीं."
हरियाणवी लड़कों को भी दी नसीहत
इसके साथ ही हर्ष छिकारा ने हरियाणा के हुड़दंगी लड़कों को भी आईना दिखाया. उन्होंने कहा, "मैं मानता हूं कि हमारे कुछ लड़के भी पहाड़ों में जाकर गाड़ी की छत पर बैठ जाते हैं, हुक्का पीते हैं, ड्रामे करते हैं और हुड़दंग मचाते हैं. यह ड्रामेबाजी भी बंद होनी चाहिए. शराब पीनी है तो अपने होटल के कमरों में पियो, सड़क पर तमाशा मत करो क्योंकि तुम्हारी 'HR' नंबर प्लेट देखकर पूरी कौम को बदनाम किया जाता है." फिलहाल इस वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर हरिद्वार और ऋषिकेश के बहिष्कार की मांग उठने लगी है.
जानिए कौन हैं हर्ष छिकारा?
हर्ष छिकारा हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना के रहने वाले एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और समाजसेवी हैं. 35 वर्षीय हर्ष फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लाखों फॉलोअर्स के बीच काफी लोकप्रिय हैं. वे सोशल सर्विस और बिजनेस गतिविधियों से जुड़े हुए हैं. इसके अलावा वे ‘हर्ष छिकारा जन सेवा ट्रस्ट’ भी संचालित करते हैं, जिसके जरिए सामाजिक कार्य करते रहते हैं.
हर्ष छिकारा अपने वीडियो और सामाजिक मुद्दों पर बेबाक अंदाज के कारण अक्सर चर्चा में रहते हैं. साल 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में उन्होंने गोहाना सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था. हालांकि, वे इस चुनाव में तीसरे स्थान पर रहे.चुनाव आयोग में दाखिल हलफनामे के मुताबिक, हर्ष छिकारा की शैक्षणिक योग्यता ग्रेजुएट प्रोफेशनल (LLB) है.
ADVERTISEMENT


