ऋषिकेश में हरियाणवी युवकों की बेरहमी से पिटाई मामले में बड़ा खुलासा, पीड़ित बच्ची की मां ने बताई आंखों देखी कहानी

ऋषिकेश में हरियाणा के पर्यटकों की उग्र भीड़ द्वारा निर्वस्त्र कर पिटाई के मामले में नया मोड़ आया है. पीड़ित बच्ची की मां ने खुद सामने आकर खुलासा किया है कि हरियाणा नंबर की कार में सवार युवकों ने उनकी 8 साल की बेटी की तरफ अश्लील इशारे किए थे. हालांकि, महिला का कहना है कि जब वे आपस में बात कर रहे थे, तभी अचानक उग्र भीड़ ने बिना पूरी बात जाने पर्यटकों पर हमला कर दिया और गाड़ी पर पथराव शुरू कर दिया.

Haryana
Haryana

सोनिया सत्यानीता

follow google news

उत्तराखंड के ऋषिकेश में बुधवार शाम हरियाणा नंबर की कार में सवार दो पर्यटकों की उग्र भीड़ द्वारा निर्वस्त्र कर पिटाई किए जाने का एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया था. इस पूरे मामले में अब उस नाबालिग बच्ची की मां खुद सामने आई हैं, जिनसे बदसलूकी का आरोप लगाकर भीड़ ने कानून अपने हाथ में लिया था. महिला ने घटना की पूरी सच्चाई बयां की है कि आखिर उस शाम क्या हुआ था.

Read more!

8 साल की बच्ची को किए थे इशारे

पीड़ित महिला ने बताया कि वह बुधवार शाम को अपनी आठ साल की बेटी के साथ स्कूटी पर ऋषिकेश बाजार जा रही थीं. जैसे ही वह 'काले की ढाल' के पास पहुंचीं तो उनके साथ चल रही हरियाणा नंबर की कार में सवार युवकों ने कार का शीशा नीचे उतारा और बच्ची की तरफ कुछ अश्लील इशारे किए और कुछ बातें कही. बच्ची ने तुरंत अपनी मां से कहा, "मम्मी, अंकल कुछ कह रहे हैं और अजीब इशारे कर रहे हैं."

बातचीत के बीच अचानक उग्र हो गई भीड़

महिला के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने कार सवार युवकों को रोका और पूछा कि वे क्या कह रहे हैं और क्या समस्या है. दोनों पक्षों के बीच बातचीत हो ही रही थी और थोड़ी ऊंची आवाज में बहस चल रही थी, इसी बीच वहां से गुजरने वाले लोग और स्थानीय भीड़ इकट्ठा हो गई. महिला का दावा है कि भीड़ ने बिना सच जाने और बिना उनसे कुछ पूछे ही अचानक उन युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दिया.

महिला ने खुद फोन कर बुलाई पुलिस

बच्ची की मां ने बताया कि भीड़ इतनी उग्र हो चुकी थी कि उसने युवकों की कार पर पथराव शुरू कर दिया, उन्हें कार के अंदर पीटा और फिर सड़क पर निर्वस्त्र करके भगा-भगा कर लाठियों से पीटा. महिला ने कहा, "मैंने भीड़ को रोकने की बहुत कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने तो मैं खुद डर गई. इसके बाद मैंने खुद 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस से मदद मांगी."

कैथल की है गाड़ी, जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही आईडीपीएल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में पर्यटकों को भीड़ से बचाकर अस्पताल पहुंचाया. जांच में सामने आया है कि वारदात में शामिल कार हरियाणा के कैथल जिले के पुंडरी क्षेत्र के सतीश नामक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है. फिलहाल इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है और पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है.

 

    follow google news