रोहतक में दिल्ली के एक कपल की हत्या कर शव नहर में फेंकने का मामला सामने आया है. मृतकों के शव आसौधा के पास नहर से बरामद किए गए हैं. दोनों पिछले 8 महीनों से दिल्ली में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. हत्या का आरोप युवक के दोस्तों पर ही लगा है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है.
ADVERTISEMENT
दोस्तों से मिलने दिल्ली से रोहतक आए थे दोनों
मृतक युवक पहले सांपला खंड के हसनगढ़ गांव में जनरल स्टोर चलाता था. करीब 8 महीने पहले दुकान बंद करके वह अपनी पार्टनर के साथ दिल्ली शिफ्ट हो गया था. वे दोनों 26 सितंबर को कार में सवार होकर अपने दोस्तों से मिलने रोहतक आए थे.
30 लाख रुपये का कनेक्शन और गायब कार
इसके बाद 30 सितंबर को युवक ने अपनी मां से फोन पर आखिरी बार बात की थी. रविवार शाम को दोनों के शव नहर में तैरते मिले. पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक ने हाल ही में कुछ जमीन बेची थी. इससे उसे करीब 30 लाख रुपये मिले थे. वारदात के बाद से युवक की कार भी लापता है.
पुलिस रिमांड पर दो आरोपी, जांच जारी
सांपला के एसएचओ महेंद्र दलाल के मुताबिक, हसनगढ़ निवासी नितेश उर्फ मेडिस और नितेश उर्फ बच्चा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है. हत्या के सही कारणों का पता लगाने के साथ-साथ पुलिस कार और अन्य सबूतों की तलाश में जुटी है.
ADVERTISEMENT


