हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रोहतक के D Park पहुंचे, जहां उन्होंने पिछले दिनों हुए भीषण अग्निकांड प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने हादसे का शिकार हुए और भारी नुकसान झेलने वाले पीड़ित दुकानदारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं. मुख्यमंत्री ने इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवारों और दुकानदारों को ढांढस बंधाया और सरकार की तरफ से हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया.
ADVERTISEMENT
तीन लोगों की हो चुकी है मौत
रोहतक के डी पार्क इलाके में पिछले मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक और भीषण आगजनी की घटना सामने आई थी. इस भयानक अग्निकांड की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें एक स्थानीय दुकानदार भी शामिल था. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल था. घटना के तुरंत बाद सरकार एक्शन में आई और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा तत्परता दिखाते हुए मृतकों के परिवारों को फौरी राहत के तौर पर 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की गई थी.
जांच के लिए कमेटियों का गठन
हादसे वाली जगह का मुआयना करने पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ तमाम वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नेता भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली. दुकानदारों के हुए इस भारी नुकसान की भरपाई और आकलन के लिए सरकार की तरफ से विशेष जांच कमेटियों का भी गठन किया गया है, जो इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही हैं.
दुकानदारों ने किया 2016 की हिंसा का जिक्र
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात के बाद पीड़ित दुकानदारों ने मीडिया से बातचीत में सरकार के प्रति अपना भरोसा जताया. एक पीड़ित दुकानदार ने बातचीत के दौरान साल 2016 में हुए आरक्षण आंदोलन और हिंसा के दौर को याद करते हुए कहा कि पहले (2016) भी इन्हीं लोगों ने हमें बचाया था और आज भी हमें इन्हीं से पूरी उम्मीद और आस है. दुकानदारों ने साफ तौर पर कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें पूरी मदद का आश्वासन दिया है और उन्हें सरकार पर पूरा भरोसा है कि वह इस संकट से उन्हें जरूर उबारेगी.
ADVERTISEMENT


