रोहतक में आधी रात को 30 गोलियां! चार युवकों की हत्या के पीछे क्या है गैंगवार की कहानी?

• 04:12 PM • 26 Nov 2026

हरियाणा के रोहतक में खरावड़ गांव के मिलन होटल में पांच हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग कर चार युवकों की हत्या कर दी. तीन मृतक बाबा गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं. भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट में दो पुरानी हत्याओं का बदला लेने का दावा किया है. पुलिस जांच कर रही है.

rohtak
rohtak
Google CTA

रोहतक में सन्नी रिटोली को मारने आए थे हिमांशु भाऊ के शूटर, चार की हत्या कर भागे, जॉर्जिया से रची गई थी साजिश!

Read more!

हरियाणा के रोहतक जिले में देर रात एक खूनी गैंगवार ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है. बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे खरावड़ गांव के मिलन होटल में खाना खा रहे चार युवकों पर बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं. इस हमले में चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हैरानी की बात यह है कि यह पूरी वारदात खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर हुई. हमलावरों ने मौके पर करीब 30 राउंड फायरिंग की.

हरियाणा के रोहतक में मिलन होटल के अंदर चार युवकों की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है. बताया जा रहा है कि हमलावरों का असली निशाना गैंगस्टर सन्नी रिटोली था. वह भी मारे गए युवकों के साथ होटल में मौजूद था, लेकिन फायरिंग शुरू होते ही मौके से भाग निकला. इस तरह उसकी जान बच गई. आरोप है कि सन्नी को मारने के लिए हिमांशु भाऊ गैंग के शूटर पहुंचे थे.

सन्नी रिटोली को मारने आए थे हिमांशु भाऊ के शूटर

शुरुआती जानकारी में बताया गया था कि हमलावरों ने होटल में खाना खा रहे युवकों को निशाना बनाया. अब सामने आया है कि इस हमले का मुख्य निशाना गैंगस्टर सन्नी रिटोली था. सन्नी भी उस समय मारे गए शूटरों के साथ मिलन होटल में मौजूद था.

हमलावरों ने होटल में पहुंचकर फायरिंग शुरू की तो वहां भगदड़ मच गई. इसी दौरान सन्नी मौके से भागने में कामयाब रहा. बताया जा रहा है कि हमलावर उसे ही मारने के इरादे से आए थे. सूत्रों के मुताबिक, पांचों हमलावर हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े थे. इनमें चार शूटर थे, जबकि एक व्यक्ति स्विफ्ट कार चला रहा था. बदमाशों ने होटल में करीब 30 राउंड फायरिंग की थी.

जॉर्जिया से रची गई थी सन्नी की हत्या की साजिश?

इस मामले में अब विदेश से साजिश रचे जाने का एंगल भी सामने आया है. सूत्रों के मुताबिक, सन्नी रिटोली की हत्या की योजना जॉर्जिया में बनाई गई थी. अब तक की जांच में पता चला है कि हिमांशु भाऊ गैंग के शूटर बातचीत के लिए एक खास एप का इस्तेमाल कर रहे थे. बताया जा रहा है कि इस एप के जरिए विदेश में संपर्क किया जा रहा था. हालांकि, इस एप और इसके इस्तेमाल को लेकर जांच अभी जारी है.

सूत्रों के अनुसार, हिमांशु भाऊ का साथी गैंगस्टर रवि राठी इस समय जॉर्जिया में है. हिमांशु भाऊ के अमेरिका में पकड़े जाने के बाद गैंग की कमान रवि राठी संभाल रहा है. मिलन होटल में चार युवकों की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर जो पोस्ट सामने आई थी, उसमें भी रवि राठी का नाम लिखा हुआ है.

कौन है रवि राठी, जिसका पोस्ट में आया नाम?

रवि राठी उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गंगनौली गांव का रहने वाला है. उसे हिमांशु भाऊ का करीबी साथी बताया जाता है. सूत्रों के मुताबिक, हिमांशु भाऊ के अमेरिका में पकड़े जाने के बाद से वह गैंग का काम संभाल रहा है.

चार युवकों की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर सामने आई पोस्ट में अमन बंटी डीघल, रवि राठी गंगनौली और भाऊ गैंग का नाम लिखा गया था. पोस्ट में दावा किया गया था कि मिलन होटल में हुई हत्याएं रोहित बजरंग और सोनू डीघल की हत्या का बदला लेने के लिए की गई हैं. पोस्ट में आगे कुछ लोगों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी. हालांकि, इस पोस्ट की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

2019 से चल रही है सन्नी रिटोली और हिमांशु भाऊ के बीच दुश्मनी

सन्नी रिटोली और हिमांशु भाऊ दोनों रोहतक के रिटौली गांव के रहने वाले हैं. दोनों के बीच साल 2019 से दुश्मनी चली आ रही है. करीब सात साल से जारी इस गैंगवार में अब तक 10 लोगों की हत्या हो चुकी है. इस दुश्मनी में रोहित उर्फ बजरंग और साहिल अहलावत उर्फ सोनू डीघल की हत्या का भी जिक्र सामने आया है. भाऊ गैंग की ओर से वायरल पोस्ट में इन्हीं दोनों की हत्या का बदला लेने की बात कही गई थी.

रोहित उर्फ बजरंग की हत्या: रोहित रोहतक के रिटौली गांव का रहने वाला था. मार्च 2022 में बैंक मित्र के पास उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हमले में बैंक मित्र के पिता राजेंद्र की भी गोली लगने से मौत हुई थी. इस दोहरे हत्याकांड में अनिल उर्फ भाऊ के चचेरे भाई हिमांशु उर्फ भाऊ का नाम सामने आया था.

साहिल अहलावत उर्फ सोनू डीघल की हत्या: साहिल फाइनेंस का काम करता था. 8 अप्रैल 2026 को डीघल गांव स्थित उसके कार्यालय पर स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने फायरिंग की थी. इस दौरान 10 से 15 राउंड गोलियां चली थीं. हमले में साहिल की मौत हो गई थी. इसके बाद सोशल मीडिया पर रोहित गोदारा गैंग के नाम से एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था.

होटल में खाना खा रहे थे युवक, तभी पांच बदमाशों ने शुरू कर दी फायरिंग

बुधवार-गुरुवार की रात करीब 1 बजे खरावड़ गांव स्थित मिलन होटल में रिंकू, विनीत और यश खाना खा रहे थे. इसी दौरान पांच हथियारबंद बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर वहां पहुंचे. बदमाशों ने होटल में घुसते ही फायरिंग शुरू कर दी. अचानक गोलियां चलने से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए टेबल और कुर्सियों के पीछे छिपने लगे.

फायरिंग में तीन युवकों की मौत खाने की टेबल पर ही हो गई. इसी दौरान बेरी निवासी हिमांशु भी होटल में मौजूद था. वह गोलियों से बचने के लिए भागा और पहली मंजिल पर पहुंच गया.

बताया गया कि हमलावर सन्नी रिटोली को तलाश रहे थे. उन्हें लगा कि भाग रहा हिमांशु ही सन्नी है. इसके बाद बदमाशों ने पहली मंजिल पर उसका पीछा किया और उसे भी गोली मार दी. इस तरह चार युवकों की जान चली गई, जबकि सन्नी वहां से भागने में सफल रहा.

पुलिस चौकी से महज 50 कदम दूर हुई वारदात

इस वारदात को लेकर एक बड़ी बात यह भी है कि मिलन होटल खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर है. घटना की सूचना मिलते ही रोहतक रेंज के IG हामिद अख्तर और SP गौरव राजपुरोहित समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. CIA, स्पेशल सेल और FSL की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाए. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.

DSP ऋषिकांत के मुताबिक, जिस समय होटल में फायरिंग हुई, उस वक्त वहां करीब 50 लोग मौजूद थे. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 टीमें बनाई हैं. IMT थाना पुलिस ने रिंकू के चचेरे भाई मन्नु की शिकायत पर केस दर्ज किया है. चारों मृतकों के शव PGI के डेडहाउस में रखवाए गए हैं. अभी पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है.