रोहतक: डांस करने पर बहू की हत्या करने वाले जेठ और पति का काला चिट्ठा; पहली पत्नियों के साथ भी किया था 'खौफनाक खेल'

रोहतक के रिठाड़ फोगाट गांव में जेठ जसबीर ने अपनी छोटी बहू की हत्या कर दी. जांच में पता चला कि आरोपी जेठ और मृतका के पति पर पहले भी अपनी पहली पत्नियों की संदिग्ध मौत के आरोप लग चुके हैं और वे जेल भी जा चुके हैं.

रोहतक
रोहतक

न्यूज तक डेस्क

follow google news

हरियाणा के रोहतक जिले के रिठाड़ फोगाट गांव में हुई एक महिला की हत्या के मामले ने अब पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. एक जेठ द्वारा अपने छोटे भाई की पत्नी (प्रवेश) की बेरहमी से हत्या करने के इस मामले में जो खुलासे हो रहे हैं, वे किसी डार्क क्राइम फिल्म की स्क्रिप्ट से कम नहीं हैं. पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि आरोपी जेठ जसबीर और मृतका के पति सुखबीर का आपराधिक इतिहास बेहद चौंकाने वाला रहा है.

Read more!

पहली पत्नियों की मौत और जेल का सफर

मामले की गहराई में जाने पर पता चला कि मृतका प्रवेश के पति सुखबीर और उसके जेठ जसबीर, दोनों की यह दूसरी शादियां थीं. दोनों भाइयों पर उनकी पहली पत्नियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के गंभीर आरोप लग चुके हैं:

जेठ जसबीर का इतिहास: जसबीर की पहली शादी 2003 में हुई थी, लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद उसकी पत्नी की संदिग्ध मौत हो गई. ससुराल वालों ने दहेज हत्या का केस दर्ज कराया, जसबीर जेल गया, लेकिन 2004 में कोर्ट ने उसे बरी कर दिया.

पति सुखबीर का इतिहास: सुखबीर की पहली पत्नी की भी जलकर मौत हो गई थी. इस मामले में सुखबीर, उसका भाई जसबीर और पिता रणधीर तीनों जेल गए थे. 2009 में साक्ष्यों के अभाव में कोर्ट ने इन्हें बरी कर दिया था.

डांस करने पर शुरू हुई थी रंजिश

वर्तमान मामले की बात करें तो आरोपी जेठ जसबीर अपनी छोटी बहू प्रवेश से इस बात पर नाराज था कि वह पड़ोसियों के यहाँ लेडीज संगीत में डांस करने गई थी. मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि जसबीर ने प्रवेश को सोनीपत में एक पारिवारिक कार्यक्रम (भात भरने) में जाने से भी रोका था और जान से मारने की धमकी दी थी. रंजिश इतनी बढ़ गई कि जसबीर ने प्रवेश की दर्दनाक तरीके से हत्या कर दी.

परिजनों का आरोप: साजिश के तहत हुई हत्या

मृतका प्रवेश के मायके वालों का कहना है कि 2010 में शादी के बाद से ही उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था. कई बार पंचायतें हुईं, लेकिन बेटी का घर बसाने की चाह में परिजन उसे वापस भेज देते थे. परिजनों का आरोप है कि यह महज गुस्से में की गई हत्या नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश है.

आरोपी जेठ अभी भी फरार

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी जेठ जसबीर फरार चल रहा है. रोहतक पुलिस की टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं, लेकिन वह अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है.

 

    follow google news