हरियाणा के रोहतक जिले के रिठाल गांव से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहाँ एक जेठ ने अपनी ही छोटी बहू (छोटे भाई की पत्नी) की दराती से काटकर हत्या कर दी. हत्या की वजह इतनी मामूली है कि सुनकर कोई भी दंग रह जाए. बताया जा रहा है कि महिला का पड़ोस में आयोजित एक लेडीज संगीत कार्यक्रम में डांस करना उसके जेठ को इतना नागवार गुजरा कि उसने खौफनाक कदम उठा लिया.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
मृतक महिला की पहचान प्रवेश के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब 14-15 साल पहले रिठाल गांव के सुखबीर फोगाट के साथ हुई थी. रविवार रात पड़ोस में एक शादी समारोह का लेडीज संगीत चल रहा था. घर के बड़े बुजुर्ग बाहर थे, इसलिए प्रवेश उस कार्यक्रम में शामिल होने गई थी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वहां प्रवेश ने अन्य महिलाओं के साथ डांस किया. जब वह रात करीब 10 बजे घर लौटी, तो वहां मौजूद उसके जेठ जसबीर ने उस पर तेजधार हथियार (दराती या गंडासे) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
बच्चों के सामने मां को काटा, आरोपी फरार
जिस वक्त यह हमला हुआ, प्रवेश के तीनों बच्चे घर में सो रहे थे. शोर सुनकर जब बच्चे जागे तो उन्होंने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में देखा. डरे हुए बच्चों ने तुरंत अपने मामा को फोन कर घटना की जानकारी दी. परिजन आनन-फानन में प्रवेश को रोहतक पीजीआई (PGI) लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जेठ जसबीर मौके से फरार हो गया.
पुरानी रंजिश भी आई सामने
परिजनों का आरोप है कि आरोपी जेठ पहले से ही प्रवेश से रंजिश रखता था. मार्च के महीने में भी एक पारिवारिक कार्यक्रम (भात) में जाने को लेकर उसने धमकी दी थी कि "अगर यह वहां गई तो मैं इसकी जान ले लूंगा." रविवार की रात पड़ोस में डांस करना तो महज एक बहाना बना, आरोपी ने पहले से ही हत्या की साजिश रच रखी थी.
पति समेत 4 लोगों पर केस दर्ज
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए प्रवेश के पति, जेठ, सास और ससुर समेत कुल चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने प्रवेश के पति सुखबीर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. मुख्य आरोपी जसबीर की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है.
ADVERTISEMENT


