हरियाणा के रोहतक जिले से एक दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. कलानौर थाने में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर (EASI) कुलदीप की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई. घटना सोमवार की है, जब थाने के पास ही उनकी सरकारी रिवॉल्वर से गोली चल गई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. इस मौत को लेकर हत्या और आत्महत्या के बीच अभी भी सस्पेंस बना हुआ है. विस्तार से जानिए मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
झज्जर के रहने वाले थे कुलदीप
मृतक कुलदीप मूल रूप से झज्जर जिले के डीघल गांव के रहने वाले थे. वे वर्तमान में रोहतक के कलानौर थाने में ईएसआई (EASI) के पद पर कार्यरत थे और ईआरवी (ERV) 594 पर उनकी तैनाती थी. बताया जा रहा है कि सोमवार को वे साथी पुलिसकर्मियों से खाना खाने की बात कहकर थाने से बाहर निकले थे.
दो अलग-अलग थ्योरी: हादसा या आत्महत्या?
इस मामले में फिलहाल दो तरह की बातें सामने आ रही हैं. एक ओर कहा जा रहा है कि कुलदीप अपनी सरकारी रिवॉल्वर की सफाई कर रहे थे और इसी दौरान अचानक गोली चल गई. वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इसे आत्महत्या का मामला भी बताया जा रहा है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सच्चाई जांच के बाद ही साफ हो पाएगी.
मौत से पहले का सामान्य व्यवहार
कुलदीप की मौत इसलिए भी रहस्यमयी बनी हुई है क्योंकि घटना से कुछ समय पहले तक उनका व्यवहार बिल्कुल सामान्य था. वे रविवार को अपने पैतृक गांव गए थे, जहां उन्होंने मंदिर में सवामणि का प्रसाद चढ़ाया था. सोमवार को ड्यूटी पर आने से पहले उन्होंने पड़ोसियों से बातचीत की और गली के बच्चों के साथ क्रिकेट भी खेला था. थाने में भी उनकी साथियों के साथ सामान्य बातचीत हुई थी.
अस्पताल में तोड़ा दम
गोली चलने की आवाज सुनकर जब पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, तो कुलदीप लहूलुहान हालत में मिले. उन्हें तुरंत रोहतक पीजीआई (PGI) ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


