Rohtak Son Kills Mother News: हरियाणा के रोहतक जिले के ब्राह्मणवास गांव से एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां 20 साल के एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही 40 वर्षीय सगी मां की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी. जिस बेटे को मां ने 9 महीने अपनी कोख में रखा और पाल-पोसकर बड़ा किया, वही बेटा अपनी मां का काल बन गया. वारदात के समय घर में मौजूद किराएदार महिला को बचाते रहे, लेकिन आरोपी मां के ऊपर बैठकर तब तक गला दबाता रहा जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं.
ADVERTISEMENT
मकान बेचने का दबाव और पारिवारिक विवाद बनी वजह
मृतका की पहचान 40 वर्षीय पिंकी के रूप में हुई है, जो रोहतक के ब्राह्मणवास गांव स्थित अपने ससुराल के मकान में अकेली रहती थी. पिंकी का अपने पति देवेंद्र के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. पिंकी के तीन बच्चे (एक बेटा और दो बेटियां) सोनीपत में अपने दादा-दादी के साथ रहते हैं, जबकि पति गुजरात की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है. पिंकी के आर्मी से रिटायर्ड पिता रामनिवास का आरोप है कि पति और बेटा उस पुश्तैनी घर को बेचना चाहते थे, जिसमें पिंकी रह रही थी. घर खाली कराने के लिए उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था.
पिता ने रो-रोकर बयां किया दर्द, लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप
सदर थाना रोहतक में दर्ज कराई शिकायत में रिटायर्ड फौजी रामनिवास ने बताया कि शादी के बाद से ही पिंकी को कम दहेज लाने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. कई बार पंचायतों में समझौते के बावजूद प्रताड़ना बंद नहीं हुई. अदालत के माध्यम से जो खर्चा बंधा था, उसे भी पति ने देना बंद कर दिया था. मृतका के पिता ने रोते हुए कहा, "इन लोगों ने मेरी बेटी को सिर्फ प्रताड़ना और मौत दी है. घर में आटा गुंथा हुआ रखा रह गया और मेरी बेटी की हत्या कर दी गई."
हत्या के बाद आरोपी बेटे ने थाने में किया सरेंडर, परिजनों ने मांगी फांसी की सजा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा प्रिंस उर्फ मोनू सीधे थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर करते हुए अपना जुर्म कबूल कर लिया. मृतका पिंकी की बहन नीलम और पिता ने आरोप लगाया है कि इस हत्या में केवल बेटा ही शामिल नहीं है, बल्कि पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों की भी साजिश है. मायके पक्ष ने प्रशासन से सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और मर्डर के बदले फांसी की सजा दिए जाने की गुहार लगाई है.
यह भी पढ़ें: डॉक्टर ने मृत बताया, तभी अचानक स्ट्रेचर पर उठ बैठा मरीज...सरकारी अस्पताल में बड़ी लापरवाही आई सामने
ADVERTISEMENT


