Salasar Balaji Dham: हिसार के परिवार ने बाउंसरों क्यों कर दी बेरहमी से पिटाई, महिलाओं को भी जमीन पर गिराया

सालासर बालाजी धाम में हिसार के एक परिवार ने बाउंसरों पर मारपीट और महिलाओं से बदसलूकी का आरोप लगाया है, जबकि मंदिर प्रबंधन ने सीसीटीवी का हवाला देते हुए श्रद्धालुओं को ही दोषी ठहराया है। पीड़ित परिवार अब इस मामले की शिकायत गृह मंत्री और दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से करने की तैयारी में है.

हरियाणा
हरियाणा

प्रवीण कुमार

follow google news

राजस्थान के प्रसिद्ध सालासर बालाजी धाम से एक विचलित करने वाला मामला सामने आया है. हरियाणा के हिसार से दर्शन करने गए एक परिवार ने मंदिर के सुरक्षा गार्डों (बाउंसरों) पर मारपीट, बदसलूकी और बंधक बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़ित परिवार का कहना है कि सिर्फ वीडियो कॉल पर दर्शन कराने की वजह से 30-40 बाउंसरों ने उन पर हमला कर दिया.

Read more!

क्या है पूरी घटना?

हिसार के रहने वाले संजय और उनका परिवार सालासर धाम में दर्शन के लिए लाइन में लगा था. परिवार के एक सदस्य ने अपने बीमार रिश्तेदार को वीडियो कॉल के जरिए भगवान के दर्शन कराने शुरू किए. आरोप है कि इसी बात पर वहां तैनात बाउंसर भड़क गए. उन्होंने न केवल मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया, बल्कि परिवार के सदस्यों, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. पीड़ित महिला ने बताया कि धक्का-मुक्की के दौरान उनके हाथ से 'लड्डू गोपाल' की मूर्ति भी नीचे गिर गई और बच्चों को पैरों तले कुचला गया.

बंधक बनाने और डराने का आरोप

संजय का आरोप है कि मारपीट के बाद उन्हें करीब 4 घंटे तक एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया और उनके फोन छीन लिए गए ताकि वे किसी को जानकारी न दे सकें. परिवार का यह भी दावा है कि जब वे पुलिस थाने पहुंचे, तो वहां भी उन्हें न्याय नहीं मिला. आरोप है कि एसएचओ ने उन पर ही उल्टा केस दर्ज करने की धमकी दी और जबरन एक माफीनामा वीडियो बनवाया.

मंदिर प्रबंधन की सफाई

दूसरी ओर, सालासर मंदिर प्रबंधन ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. प्रबंधन का दावा है कि विवाद श्रद्धालुओं की ओर से शुरू हुआ था और उन्होंने एक महिला सुरक्षा गार्ड के साथ बदतमीजी की थी. प्रबंधन के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद श्रद्धालुओं ने अपनी गलती मानी थी और लिखित में माफी मांगी थी.

गृह मंत्री से गुहार

पीड़ित परिवार अब इस मामले को लेकर देश के गृह मंत्री अमित शाह, राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा और हरियाणा के सीएम तक शिकायत पहुंचाने की तैयारी कर रहा है. हिसार में मार्केट एसोसिएशन के साथ मिलकर आगे की रणनीति बनाई जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर धार्मिक स्थलों पर बढ़ते 'बाउंसर कल्चर' और आम श्रद्धालुओं के साथ होने वाले व्यवहार पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

 

    follow google news