हरियाणवी रागिनी और लोक संस्कृति के मशहूर स्तंभ यशपाल शर्मा उर्फ पेप्सी शर्मा अब हमारे बीच नहीं रहे. उनके अचानक चले जाने से दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों फैंस और साथी कलाकार गहरे सदमे में हैं. गाजियाबाद के पतला गांव में पेप्सी शर्मा की शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें उनके साथ मंच साझा करने वाली मशहूर डांसर और सिंगर सपना चौधरी भी श्रद्धांजलि देने पहुंचीं.
ADVERTISEMENT
तस्वीर देख स्तब्ध रह गईं सपना चौधरी
निधन की खबर मिलते ही सपना चौधरी तुरंत पेप्सी शर्मा के पैतृक गांव पहुंचीं. घर में दाखिल होते ही वह सीधे उस जगह गईं जहां पेप्सी शर्मा की तस्वीर रखी हुई थी. सपना ने दिवंगत कलाकार के चित्र पर पुष्प अर्पित किए, हाथ जोड़े और कुछ देर तक बिल्कुल स्तब्ध होकर मौन खड़ी रहीं. इस दौरान वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं.
पत्नी से लिपटकर रोईं सपना
माहौल तब और ज्यादा भावुक हो गया जब पेप्सी शर्मा की पत्नी रेनू, सपना चौधरी के सामने आईं. पति के जाने का दुख झेल रहीं रेनू सपना चौधरी से लिपटकर फूट-फूटकर रो पड़ीं. अपने साथी कलाकार के परिवार की यह हालत देखकर सपना भी खुद को संभाल नहीं पाईं और रो पड़ीं. इसके बाद वे घर की अन्य महिलाओं के साथ जमीन पर ही बैठ गईं और काफी देर तक परिजनों को ढांढस बंधाती रहीं.
सुपरहिट थी सपना और पेप्सी शर्मा की जुगलबंदी
परिजनों से बात करते हुए सपना चौधरी ने भावुक मन से कहा कि उन्हें अब तक यकीन नहीं हो रहा कि हमेशा हंसने-मुस्कुराने वाले पेप्सी शर्मा अब इस दुनिया में नहीं हैं. वह सिर्फ एक बेमिसाल कलाकार ही नहीं, बल्कि बेहद सरल और जिंदादिल इंसान थे.
बता दें कि सपना चौधरी और पेप्सी शर्मा की जोड़ी ने हरियाणा, दिल्ली और यूपी में अनगिनत स्टेज प्रोग्राम किए थे. सपना के शुरुआती दिनों में पेप्सी शर्मा अक्सर उनके शोज के मुख्य गायक या मंच संचालक होते थे. मंच पर दोनों की नोकझोंक, कॉमिक टाइमिंग और तुकबंदी दर्शकों को बेहद पसंद आती थी. आज भी यूट्यूब पर दोनों के वीडियोज को करोड़ों व्यूज मिलते हैं. पेप्सी शर्मा भले ही चले गए हों, लेकिन अपनी कला के जरिए वे हमेशा जिंदा रहेंगे.
ADVERTISEMENT


