Sapna Choudhary Divorce: वीर साहू के साथ अब नहीं चलेगी जिंदगी, दूसरी शादी पर क्या बोलीं सपना चौधरी?

• 08:23 PM • 25 Nov 2026

Sapna Choudhary Husband Veer Sahu: कौन हैं वीर साहू, जिनसे सपना चौधरी ने गुपचुप शादी की थी? जानिए कैसे किसान परिवार से आने वाले वीर साहू की पहचान हरियाणा में बनी और सपना चौधरी की निजी जिंदगी से जुड़ा मामला दिल्ली की द्वारका कोर्ट तक कैसे पहुंचा.

वीर साहू और सपना चौधरी के जीवन में क्या चल रहा ?
वीर साहू और सपना चौधरी के जीवन में क्या चल रहा ?
Google CTA

हरियाणा की डांसिंग क्वीन सपना चौधरी, जिनके एक ठुमके पर लाखों दिल धड़कते हैं, आज अपनी असल जिंदगी के सबसे बड़े दर्द से गुजर रही हैं. जिस प्यार को पाने के लिए उन्होंने दुनिया से छिपकर सात फेरे लिए, वही हमसफर अब उनके लिए किसी बुरे सपने यानी 'नाइटमेयर' जैसा बन चुका है. 6 साल की शादी, दो मासूम बच्चे और बंद दरवाजों के पीछे छिपी एक ऐसी खौफनाक कहानी, जो अब दिल्ली की द्वारका कोर्ट की दहलीज तक जा पहुंची है. 

Read more!

आखिर कौन हैं वीर साहू? कैसे एक साधारण किसान परिवार का लड़का डॉक्टर बनते-बनते हरियाणा का सुपरस्टार बना और फिर सपना चौधरी की जिंदगी में तूफान ले आया?

25 सितंबर 1990 को हरियाणा के रोहतक में जन्मीं सपना चौधरी ने महज 12 साल की उम्र में पिता को खोने के बाद परिवार का पेट पालने के लिए स्टेज पर रागिनी और डांस को अपना करियर बनाया. 2016 में एक गाने के विवाद और साइबर बुलिंग से तंग आकर जान देने की कोशिश करने के बाद भी सपना ने हार नहीं मानी. 'सॉलिड बॉडी' गाने से लेकर 'बिग बॉस 11' और कान्स फिल्म फेस्टिवल तक, सपना ने अपनी मेहनत से कामयाबी की नई ऊंचाइयों को छुआ. 

कौन हैं वीर साहू ? 

वीर साहू की कहानी भी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. साल 1990 में हरियाणा के हिसार जिले के मदनहेड़ी गांव के एक साधारण जाट किसान परिवार में यशवीर उर्फ वीर साहू का जन्म हुआ. बचपन से पढ़ाई में होनहार वीर का दाखिला मेडिकल कॉलेज में हुआ और वे डॉक्टर (MBBS) बनने के बिल्कुल करीब थे, लेकिन संगीत के प्रति दीवानगी ऐसी थी कि उन्होंने बीच में ही पढ़ाई छोड़ दी और कलम-माइक थाम लिया.

पहले पंजाबी फिर हरियाणवी गाने लिखे

शुरुआत में पंजाबी गाने लिखने के बाद, 2016 में उन्होंने अपना पहला हरियाणवी गाना 'थड्डी-बड्डी' रिलीज किया. यह गाना इतना बड़ा ब्लॉकबस्टर साबित हुआ कि iTunes के टॉप-20 में जगह बनाने वाला यह किसी भारतीय सिंगर का पहला डेब्यू सॉन्ग बन गया. इसके बाद 'रसूख आला जाट', 'यार लैंडलॉर्ड', 'खलनायक' और 'देवदास' जैसे सुपरहिट गानों और 2020 की पंजाबी फिल्म 'गांधी फेर आ गया' में लीड रोल निभाकर वीर छा गए. पंजाबी सिंगर बब्बू मान को अपना आदर्श मानने वाले वीर को उनके देसी और दबंग अंदाज के कारण फैंस 'हरियाणा का बब्बू मान' कहने लगे. 

ऐसे हुई सपना से पहली मुलाकात 

साल 2015-16 में हिसार की लाडवा गौशाला के एक कार्यक्रम में वीर और सपना की पहली मुलाकात हुई. पहली नजर में सपना को वीर बेहद 'खड़ूस' लगे थे, लेकिन बाद में एक अवॉर्ड शो के दौरान हुई बातचीत दोस्ती और फिर गहरे प्यार में बदल गई. करीब 4 साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद, जनवरी 2020 में दोनों ने चंडीगढ़ में बेहद सादगी और गुपचुप तरीके से कोर्ट मैरिज कर ली. अक्टूबर 2020 में जब उनके पहले बेटे पोरस का जन्म हुआ, तब वीर ने फेसबुक लाइव आकर शादी का खुलासा किया और ट्रोलर्स को खुली चुनौती देकर सुर्खियां बटोरीं. नवंबर 2024 में उनके दूसरे बेटे शाहबीर का जन्म हुआ. 

दोनों की केमिस्ट्री खूब चर्चा में रही

निजी जिंदगी के साथ-साथ प्रोफेशनल मंच पर भी इस जोड़ी ने साथ कदम मिलाया था. एक बेहतरीन गीतकार और संगीतकार के रूप में वीर साहू ने सपना के लिए 2023 का सुपरहिट गाना 'रस्टिक हीरो' (Rustic Hero) लिखा और कंपोज किया, जिसमें सपना ने अभिनय किया. इसके अलावा 'हैप्पी एनिवर्सरी सजना' और 'पक्का हरियाणे का' जैसे गानों के जरिए दोनों की केमिस्ट्री खूब चर्चा में रही. बाहर से यह एक खुशहाल और परफेक्ट फैमिली नजर आ रही थी, लेकिन दूसरी तरफ इंडस्ट्री में यह दावा भी किया गया कि शादी के बाद सपना के काम पर कई बंदिशें लगाई गईं और कई कलाकारों के साथ उनके काम करने पर रोक तक लग गई थी. 

पर्दे के आगे परफेक्ट फैमिली पर पीछे हकीकत कुछ और 

बाहर से वीर और सपना की परफेक्ट फैमिली नजर आ रही थी, लेकिन पर्दे के पीछे की हकीकत कुछ और ही थी. जून  में इस रिश्ते का सबसे स्याह सच तब सामने आया, जब सपना ने दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट में घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत याचिका दायर की. सपना ने आरोप लगाया कि शादी के बाद वीर साहू ने उनके साथ बार-बार शारीरिक मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की. हालात इतने बिगड़ गए कि उन्हें अपने दोनों बच्चों के साथ ससुराल छोड़कर मायके नजफगढ़ में शरण लेनी पड़ी. कोर्ट में चोटों के मेडिकल सबूत और धमकियों की ऑडियो रिकॉर्डिंग पेश की गई. 9 जून  को न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि सिंह ने सपना को अंतरिम सुरक्षा देते हुए वीर साहू के किसी भी तरह से उनसे संपर्क करने या घर-काम की जगह के आसपास जाने पर रोक लगा दी. 

पॉडकास्ट में दर्द का किया खुलासा

नवंबर में एक पॉडकास्ट के दौरान पहली बार सपना का दर्द खुलकर सामने आया. उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने तलाक की अर्जी दाखिल कर दी है. सपना ने भावुक होते हुए कहा कि वह सिर्फ पत्नी, मां और बहू बनकर रह गईं और अपनी पहचान खो दी. इशारों ही इशारों में धोखे और अपमान की बात कहते हुए उन्होंने साफ किया कि जब रिश्ता काम ही नहीं कर रहा, तो अलग होना ही बेहतर है. 

सपना चौधरी और वीर साहू का मामला हिंदू विवाह अधिनियम (Hindu Marriage Act, 1955) के दायरे में आता है. कानून के मुताबिक, अगर शादी के बाद कोई भी जीवनसाथी शारीरिक या मानसिक 'क्रूरता' (Cruelty) करता है, तो धारा 13(1)(ia) के तहत दूसरा पक्ष तलाक की मांग कर सकता है. वहीं, 'घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005' के तहत पीड़ित महिला को कोर्ट से तुरंत सुरक्षा आदेश (Protection Order), बच्चों की कस्टडी और भरण-पोषण मांगने का पूरा अधिकार है. चूंकि सपना ने एकतरफा (Contested) तलाक की अर्जी दी है, इसलिए अब कोर्ट दोनों पक्षों के सबूतों, गवाहों और मध्यस्थता की प्रक्रिया के बाद ही अंतिम डिक्री पर मुहर लगाएगा. 

दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल कुलदीप की ये दूसरी शादी, बारात लौटाने पर लड़की के पिता ने लगाए गंभीर आरोप

Sonipat Marriage Dispute: बारात लौटने और दहेज के आरोपों पर दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल कुलदीप ने दी सफाई, जानिए क्या कहा