शिमला: HRTC की बस ने HR नंबर की स्कॉर्पियो को किया ओवरटेक...भड़के कार सवारों ने बीच सड़क पर ड्राइवर को बुरी तरह पीटा, वीडियाे हुआ वायरल

हिमाचल प्रदेश के शिमला में ओवरटेक को लेकर हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो सवार पर्यटकों ने एचआरटीसी बस ड्राइवर की बेरहमी से पिटाई कर दी. इस घटना के विरोध में हिमाचल में बस चक्का जाम हो गया, जिसके बाद हरकत में आई शिमला पुलिस ने महिला सहित चारों आरोपियों को दबोचकर थाने में उकडू बनवा दिया.

Shimla Road Rage Case
Shimla Road Rage Case

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Shimla Road Rage Case: पहाड़ों की रानी शिमला में एक बार फिर पर्यटकों की गुंडागर्दी और रोड रेज का खौफनाक चेहरा सामने आया है. शिमला के कच्ची घाटी इलाके में हरियाणा नंबर (HR) की स्कॉर्पियो गाड़ी पर सवार पर्यटकों ने हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HRTC) की एक वोल्वो बस के ड्राइवर के साथ सरेआम बेरहमी से मारपीट की. आरोपियों ने ड्राइवर को बस से नीचे खींचकर इतना पीटा कि उसका सिर फट गया और खून बहने लगा. इस घटना के बाद पूरे हिमाचल प्रदेश के बस ड्राइवरों और कंडक्टरों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने चक्का जाम कर दिया. हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी सारी दबंगई हवा कर दी है.

Read more!

ओवरटेक करने पर भड़का गुस्सा

जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद महज गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर शुरू हुआ. कच्ची घाटी के पास HRTC की वोल्वो बस ने पर्यटकों की स्कॉर्पियो गाड़ी को ओवरटेक किया था. बस ड्राइवर की यह बात स्कॉर्पियो सवारों को इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने अपनी गाड़ी बस के आगे अड़ा दी. इसके बाद स्कॉर्पियो से तीन पुरुष और एक महिला नीचे उतरे, बस के भीतर घुसे और ड्राइवर का कॉलर पकड़कर उसे नीचे घसीट लिया. इसके बाद चारों ने मिलकर उसे लात-घूसों से जमकर पीटा.

हिमाचल में थम गए बसों के पहिये, बैकफुट पर सरकार

मारपीट का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, शिमला के पुराने बस अड्डे पर HRTC के कर्मचारी भड़क गए. ड्राइवरों और कंडक्टरों ने काम बंद कर उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया. उनकी मांग थी कि जब तक पर्यटकों को गिरफ्तार नहीं किया जाता तब तक वे पूरे प्रदेश में बसों का संचालन नहीं करेंगे. बसों के पहिये थमने से हिमाचल सरकार और प्रशासन पर भारी दबाव बन गया.

पंचकूला के रहने वाले हैं आरोपी, पुलिस ने थाने में सिखाया सबक

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिमला पुलिस तुरंत हरकत में आई और चारों आरोपियों को दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज (33 वर्ष), विकास कुमार (22 वर्ष) निवासी अभयपुर पंचकूला, विक्की कुमार और उसकी पत्नी प्रतिभा के रूप में हुई है. पुलिस ने जब इन्हें गिरफ्तार कर लिया है. इस बीच इन चारों में थाने के बाहर घुटनों के बल बैठे तस्वीर इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रही है.

सोशल मीडिया पर छिड़ी 'स्टेट वॉर', संवेदनशीलता की अपील

इस घटना के बाद इंटरनेट पर एक बार फिर 'उत्तराखंड-हिमाचल बनाम हरियाणा' के बीच सोशल मीडिया वॉर छिड़ गई है. कुछ समय पहले ऋषिकेश में भी कैथल (हरियाणा) के युवकों के साथ मारपीट का मामला आया था. पहाड़ी राज्यों के लोगों का आरोप है कि हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर से आने वाले कुछ हुड़दंगी पर्यटक स्थानीय संस्कृति और नियमों का मजाक उड़ाते हैं. हालांकि, प्रबुद्ध लोगों और पुलिस का कहना है कि किसी एक घटना के आधार पर पूरे राज्य के लोगों को जज नहीं किया जाना चाहिए. पुलिस ने सभी से सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयानबाजी से बचने की अपील की है.

यन भी पढ़ें: 

    follow google news