बादशाह के 'टटीरी' गाने पर मचा घमासान, अब हरियाणा रोडवेज के बस ड्राइवर, कंडक्टर और स्कूल पर भी एक्शन की तैयारी

Badshah Haryanvi Song Controversy: मशहूर सिंगर बादशाह का नया हरियाणवी गाना 'टटीरी' विवादों के घेरे में आ गया है. गाने में हरियाणा की स्कूली ड्रेस, रोडवेज बस और छात्राओं को लेकर बोले गए आपत्तिजनक शब्दों पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कड़ा संज्ञान लिया है. सरकार ने न केवल FIR दर्ज कराई है, बल्कि संबंधित स्कूल और बस डिपो पर भी कार्रवाई के आदेश दिए हैं.

Badshah Haryanvi Song Controversy
Badshah Haryanvi Song Controversy

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Badshah Tateeree Song Controversy: मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह एक बार फिर कानूनी पचड़े में फंसते नजर आ रहे हैं. उनके हालिया रिलीज हरियाणवी गाने 'टटीरी' (Tateeree) को लेकर हरियाणा की राजनीति और समाज में भारी उबाल देखने को मिल रहा है. हरियाणा सरकार ने गाने के बोल और इसमें दिखाए गए दृश्यों को हरियाणवी संस्कृति और महिलाओं का अपमान मानते हुए कड़ा रुख अपनाया है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर सिंगर बादशाह के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है. हालांकि, मामला बढ़ता देख बादशाह ने माफी मांगी है.

Read more!

क्या है पूरा विवाद?

विवाद की मुख्य वजह गाने के बोल हैं, जिन्हें हरियाणा की स्कूली छात्राओं के संदर्भ में बेहद आपत्तिजनक माना जा रहा है. गाने के वीडियो में छात्राओं को हरियाणा की आधिकारिक स्कूल ड्रेस में दिखाया गया है. साथ ही, गाने के फिल्मांकन में हरियाणा रोडवेज की बस और स्कूल बैग्स का इस्तेमाल किया गया है. सरकार का तर्क है कि जिस तरह के अभद्र शब्दों का प्रयोग किया गया है, वह प्रदेश की गरिमा और 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' के संकल्प को ठेस पहुंचाता है.

मुख्यमंत्री के कड़े तेवर: स्कूल और रोडवेज पर भी होगी कार्रवाई

हरियाणा सरकार के मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला संज्ञान में आते ही मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए. सरकार केवल गायक पर ही नहीं, बल्कि उन लोगों पर भी कार्रवाई कर रही है जिन्होंने इस गाने की शूटिंग में सहयोग किया.

1. रोडवेज बस: गाने में दिखाई गई बस किस डिपो की है, इसका पता लगाया जा रहा है. उस समय बस पर तैनात ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी.


2. स्कूल की पहचान: वीडियो में दिखाए गए स्कूल की पहचान भी की जा रही है. स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगा जाएगा कि बिना अनुमति या किन शर्तों पर छात्राओं और स्कूल परिसर का इस्तेमाल ऐसे गाने के लिए करने दिया गया.

हरियाणवी संस्कृति का शोषण बर्दाश्त नहीं

सरकार का कहना है कि कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने की आजादी है, लेकिन इसके नाम पर प्रदेश की महान संस्कृति का अपमान नहीं किया जा सकता. मंत्री ने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि गायन के नाम पर हरियाणा की संस्कृति का ह्रास किया जा रहा है. पहले भी गन कल्चर (Gun Culture) वाले गानों पर कार्रवाई हुई है और आगे भी ऐसे किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा जो हमारी धरोहर का शोषण करता हो."

कलाकारों से की अपील

हरियाणा सरकार ने कलाकारों से अपील की है कि वे अपनी प्रतिभा का उपयोग प्रदेश की संस्कृति को ऊपर उठाने के लिए करें न कि उसे नीचे गिराने के लिए. 'टटीरी' गाने को लेकर हुई इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि भविष्य में भी अगर किसी म्यूजिक वीडियो में सरकारी संपत्ति या प्रदेश की पहचान का गलत इस्तेमाल होता है तो प्रशासन कड़ा संज्ञान लेगा.

यह भी पढ़ें: Badshah Tateeree Song Controversy: FIR के बाद सिंगर बादशाह ने टटीरी सॉन्ग पर मांगी माफी, इधर रोडवेज बस पर एक्शन की तैयारी

    follow google news